पटना। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नामांकन के अगले ही दिन अपना प्रत्याशी बदल दिया। पार्टी ने पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा उर्फ बंटी की जगह नीरज सिन्हा को नया उम्मीदवार बनाया है। यह सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश एवं बिहार विधानसभा उपचुनाव 2026 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/ta9pvmTSug
— BJP (@BJP4India) July 10, 2026
क्यों वापस लिया नामांकन
भाजपा सूत्रों के अनुसार अभिषेक सिन्हा के नामांकन पत्र में पारिवारिक और शैक्षणिक विवरण से जुड़ी संभावित तकनीकी गड़बड़ियों की आशंका के चलते पार्टी ने यह फैसला लिया। हालांकि, अभिषेक सिन्हा ने आधिकारिक तौर पर पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव लड़ने से इनकार किया है।
प्रदेश अध्यक्ष को भेजे पत्र में अभिषेक सिन्हा ने लिखा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया, इसके लिए वह आभारी हैं, लेकिन पारिवारिक कारणों से उपचुनाव लड़ने में असमर्थ हैं। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में आगे भी निष्ठापूर्वक काम करने की बात कही।
नितिन नवीन के करीबी
भाजपा ने उनकी जगह नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। नीरज पिछले करीब 20 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं और वर्तमान में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उन्हें नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। सूत्रों का कहना है कि पार्टी को आशंका थी कि यदि नामांकन पत्र में किसी प्रकार की खामी सामने आती है तो विपक्ष विशेषकर राजद और जन सुराज, इसे चुनावी मुद्दा बना सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए समय रहते प्रत्याशी बदलने का निर्णय लिया गया।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
उधर कांग्रेस ने भाजपा के फैसले पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा कि नामांकन वापस लेने की वजह के रूप में पारिवारिक कारण बताने की “स्क्रिप्ट” विश्वसनीय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि टिकट चयन को लेकर पार्टी के भीतर भ्रम और दबाव की स्थिति बनी, जिसके चलते अंतिम समय में उम्मीदवार बदलना पड़ा।
13 जुलाई को पीके का नामांकन
अभिषेक सिन्हा ने गुरुवार को ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत एनडीए के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के बाद उन्होंने कहा था कि पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। इसी दिन राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। बांकीपुर उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।



