नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली स्थित मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने तथा इसके विकास का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि इससे दिल्ली-एनसीआर में यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
सीएम रेखा ने पत्र में क्या लिखा?
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि लगभग 8.8 किलोमीटर लंबा मंडी रोड दिल्ली-एनसीआर का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक सड़क कॉरिडोर है। यह मार्ग छतरपुर मेट्रो स्टेशन के निकट महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है। इसके कारण यह दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच अंतरराज्यीय यातायात के लिए अहम संपर्क मार्ग के रूप में कार्य करता है।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (यूटीटीआईपीईसी) की गवर्निंग बॉडी ने 27 सितंबर 2023 को आयोजित अपनी 68वीं बैठक में मंडी रोड के चौड़ीकरण और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्ग के रणनीतिक महत्व, वर्तमान और भविष्य की यातायात आवश्यकता तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-148ए से इसके सीधे संपर्क को देखते हुए इसे एनएचएआई के अधीन लाने पर विचार किया जाना चाहिए।
एनएचएआई को सौंपी जाए जिम्मेदारी
रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि मंडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर इसके विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी जाए, ताकि एकीकृत योजना के तहत समान इंजीनियरिंग मानकों के अनुरूप इसका समयबद्ध उन्नयन किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करने वाले यात्रियों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं दिल्ली-एनसीआर की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने इस विषय पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह करते हुए परियोजना को आगे बढ़ाने में सहयोग की अपेक्षा जताई।



