श्रीनगर। अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला हिम शिवलिंग लगभग पूरी तरह पिघल गया है। इसके बावजूद अमरनाथ यात्रा श्रद्धालुओं के लिए जारी है। यात्रा 3 जुलाई से शुरू हुई थी और 28 अगस्त तक चलेगी।
लाखों लोगों ने किये दर्शन
अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के पहले चार दिनों में लगभग 86 हजार श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। पांचवें दिन यह संख्या 1 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद है। इस वर्ष लगभग 4 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।
प्राकृतिक रुप से बनता है हिम शिवलिंग
23 मई को हिम शिवलिंग की ऊंचाई करीब 7 फीट थी, जबकि 29 जून को पहली पूजा के समय यह 5 फीट से अधिक थी। 6 जुलाई को सामने आई तस्वीरों में हिम शिवलिंग लगभग 90 प्रतिशत पिघला हुआ दिखाई दिया।अमरनाथ का हिम शिवलिंग प्राकृतिक रूप से बनता है। गुफा की छत से टपकने वाला पानी जमकर बर्फ का शिवलिंग बनाता है। इसका आकार हर वर्ष मौसम, तापमान और पानी की उपलब्धता के अनुसार बदलता रहता है।



