मुबंई।बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आमिर खान को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि वे 5 जुलाई को तीसरी शादी करने जा रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी कथित गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ यह शादी एक बेहद निजी समारोह में होगी, जिसे पूरी तरह सीमित रखा जाएगा और इसमें केवल परिवार के सदस्य तथा कुछ करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में लगभग 100 से 150 मेहमानों को आमंत्रित किया जा सकता है और इसे किसी बड़े ग्लैमरस बॉलीवुड वेडिंग इवेंट की तरह नहीं बल्कि एक प्राइवेट फंक्शन के रूप में रखा जाएगा।
दोनो ने मिलकर की तैयारियां
वायरल दावों के अनुसार इस शादी की पूरी योजना कपल ने खुद मिलकर बनाई है, जिसमें गेस्ट लिस्ट से लेकर खाने के मेन्यू तक हर चीज को व्यक्तिगत रूप से तय किया गया है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि शादी की शुरुआत स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज से होगी, जिसके बाद मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, इन सभी बातों की अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही आमिर खान या उनकी टीम की ओर से इस विषय पर कोई बयान सामने आया है।
खान पहले से है शादीशुदा
गौरतलब है कि आमिर खान पहले भी दो शादियां कर चुके हैं। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जबकि बाद में उन्होंने किरण राव से विवाह किया था। दोनों ही रिश्तों से उनके तीन बच्चे हैं। वहीं गौरी स्प्रैट के बारे में बताया जा रहा है कि वे बेंगलुरु की रहने वाली हैं और फैशन, ब्यूटी और वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी हैं, लेकिन उनके बारे में सार्वजनिक रूप से बहुत सीमित जानकारी उपलब्ध है।



