नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आज हडको प्लेस एक्सटेंशन, अंसल प्लाजा, दक्षिण दिल्ली में आद्या कौशलम् ट्रस्ट एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 500 प्रतिभागियों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि रहे मौजूद
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संजय कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, HUDCO तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. राकेश मिश्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, IABF उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आर. एच. लता, पूर्व स्वतंत्र निदेशक, भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, इंडियन योगिनी एसोसिएशन ने की। इस अवसर पर राखी कुलश्रेष्ठ की गरिमामयी उपस्थिति ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. आर. एच. लता ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि संजय कुलश्रेष्ठ ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य और शांति का मार्ग दिखा रही है। वहीं डॉ. राकेश मिश्रा ने योग के वैज्ञानिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान आद्या कौशलम् ट्रस्ट की समर्पित सदस्य बिमला कुमारी, सविता वावरे, डॉ. शारदा सूर्यवंशी एवं धनेश्वरी ने मंच से उपस्थित सभी प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया। उनके कुशल एवं प्रभावी निर्देशन में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का सामूहिक अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने योग की प्रत्येक क्रिया को सरल एवं व्यवस्थित ढंग से समझाते हुए सही तकनीक के साथ अभ्यास कराया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक रहा।
योग प्रोटोकॉल अभ्यास के पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने समारोह को और अधिक आकर्षक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर लावण्या ठाकुर ने अपनी मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं निकिता एवं उनके समूह ने हरि स्तुति तथा योग नृत्य की सुंदर प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। उनकी भावपूर्ण एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और योग के समन्वय को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की।
समारोह में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वयन आद्या कौशलम् ट्रस्ट एवं इंडियन योगिनी एसोसिएशन की टीम द्वारा किया गया। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उद्देश्यों को साकार करते हुए समाज में स्वास्थ्य, जागरूकता, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायक उदाहरण सिद्ध हुआ।



