नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए द्वारा राष्ट्रीय राजधानी के 29 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों, उद्यानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोहों की अगुवाई की। इस बड़े आयोजन में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर भर में आयोजित योग सत्रों में सम्मिलित होकर स्वास्थ्य, कल्याण एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के डीडीए के प्रयासों का पुरजोर समर्थन किया।
मुख्य कार्यक्रम यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया

मुख्य योग कार्यक्रम यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया, जिसमें उपराज्यपाल के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे। डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार, डीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों तथा अन्य विशिष्ट प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण को बढ़ावा देने वाले एक वैश्विक आंदोलन के रूप में विकसित हुआ है, के विजन के अनुरूप डीडीए ने राष्ट्रीय राजधानी में समारोहों में बड़े पैमाने पर सार्वजनिक भागीदारी की सुविधा प्रदान की। इस वर्ष का विषय, योग फॉर हेल्दी एजिंग, सभी आयु समूहों में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक कल्याण को बढ़ाने और हेल्दी एण्ड एक्टिव ऐजिंग को बढ़ावा देने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है।
डीडीए ने दिल्ली में 29 स्थानों पर आयोजित किया योग सत्र
डीडीए ने पूरी दिल्ली में 29 स्थानों पर योग सत्र आयोजित किए, जिनमें यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिरी फ़ोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, साकेत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नेताजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (जसोला), वसंत कुंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हरि नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पश्चिम विहार स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, द्वारका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सेक्टर-11), मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (अशोक विहार), रोहिणी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, राष्ट्रीय स्वाभिमान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (पीतमपुरा), पूर्वी दिल्ली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (दिलशाद गार्डन), चिल्ला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्क्वॉश और बैडमिंटन स्टेडियम (सिरी फ़ोर्ट), कॉमनवेल्थ गेम्स विलेज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, द्वारका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (सेक्टर-17), रोशनारा क्लब और भलस्वा गोल्फ़ कोर्स शामिल हैं।
कई डीडीए पार्कों और हरित क्षेत्रों पर भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बाँसेरा, स्वर्ण जयंती पार्क (रोहिणी), कोरोनेशन पार्क (बुराड़ी), हौज खास पार्क, सत्य पार्क (नारायणा फेज़-II), डिस्ट्रिक्ट पार्क (जी-17, पश्चिम विहार), अशोक गार्डन (अशोक विहार, फेज़-IV), डीडीए पार्क (जीके-I), विजय मंडल पार्क (मालवीय नगर) और संजय लेक पार्क (त्रिलोकपुरी) शामिल हैं।
छात्रों, खेल प्रेमियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया

योग सत्रों में योगासन, प्राणायाम, ब्रीदिंग एक्सरसाइज, निर्देशित मेडिटेशन एण्ड वेलनेस एक्टिविटी शामिल थीं, जिनका संचालन भारत सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। शहरभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में छात्रों, खेल प्रेमियों तथा स्थानीय सदस्यों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
डीडीए अपने 18 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों, 4 लघु स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों, 3 गोल्फ कोर्सों और दिल्ली भर में 730 से अधिक पार्कों के साथ फिटनेस, मनोरंजन एवं फिटनेस के लिए व्यापक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इसके साथ ही, डीडीए दिल्ली के लगभग 15 प्रतिशत शहरी हरित क्षेत्र, जिनमें पार्क, जैव वैविध्य पार्क तथा यमुना बाढ़ क्षेत्र शामिल हैं, का प्रबंधन करते हुए पर्यावरणीय स्थिरता और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

डीडीए के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्सों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों, जिनमें बाँसेरा भी शामिल है, में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का व्यापक स्तर पर आयोजन प्राधिकरण की ‘फिट इंडिया’ के विजन को आगे बढ़ाने तथा नागरिकों एवं आगंतुकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से डीडीए एक अधिक स्वस्थ, हरित और फिट दिल्ली के निर्माण में निरंतर योगदान दे रहा है।



