नई दिल्ली। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को और पुख्ता करने तथा उन्हें भयमुक्त माहौल देने की दिशा में दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एक विशेष महिला पुलिस थाने का उद्घाटन किया। इस नए संस्थान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को एक ऐसा सुरक्षित और सुलभ माहौल देना है, जहां वे बिना किसी संकोच या डर के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें, सहायता पा सकें और न्याय के लिए अपील कर सकें।
उद्घाटन के बाद उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस की महिलाओं से जुड़ी अन्य सुरक्षा पहलों की भी विस्तृत समीक्षा की। इसमें जमीन पर काम कर रहे ‘पिंक बूथ’ और महिलाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘सशक्ति’ अभियान की प्रगति रिपोर्ट शामिल रही।
पूरी दिल्ली में खुलेंगे ऐसे और थाने
समीक्षा बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिए कि राजधानी के अन्य इलाकों में भी इसी तर्ज पर और अधिक महिला पुलिस थाने स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे थानों की संख्या बढ़ने से महिला अनुकूल पुलिसिंग और जवाबदेह कानून व्यवस्था का एक नया पैमाना स्थापित होगा।
उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के मुताबिक एक सुरक्षित और सशक्त महिला ही प्रगतिशील समाज की नींव होती है। राजधानी को सुरक्षित, समावेशी और विकसित बनाने के लिए इस तरह के सुरक्षात्मक कदम आगे भी जारी रहेंगे। इस विशेष थाने के शुरू होने से अब पीड़ित महिलाओं को अपनी शिकायतें लेकर सामान्य थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उन्हें एक ही छत के नीचे त्वरित कानूनी मदद मिल सकेगी।



