स्लीवलेस ड्रेस पहनने पर ईरानी सिंगर को 74 कोड़ों की सजा, बिना हिजाब के गाया था गाना

ईरान की चर्चित गायिका परस्तू अहमदी और उनके साथ काम करने वाले आठ अन्य लोगों को एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट के मामले में 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है।

Share This Article:

तेहरान। ईरान की चर्चित गायिका परस्तू अहमदी और उनके साथ काम करने वाले आठ अन्य लोगों को एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट के मामले में 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा अदालत ने सभी पर दो साल तक देश छोड़ने और किसी भी तरह की कलात्मक गतिविधि में हिस्सा लेने पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

बिना हिजाब गाया था गाना

यह फैसला ईरान के कोम प्रांत की एक अदालत ने सुनाया है। अदालत ने यूट्यूब पर प्रकाशित किए गए कॉन्सर्ट को लेकर कलाकारों पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने और सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। यह मामला दिसंबर 2024 का है, जब 29 वर्षीय परस्तू अहमदी ने यूट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट प्रसारित किया था। इस दौरान वह बिना हिजाब और स्लीवलेस ड्रेस में नजर आई थीं। उन्होंने कार्यक्रम में ईरान का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत ‘अज खूने जवानाने वतन’ (मातृभूमि के युवाओं के खून से) भी प्रस्तुत किया था।

वायरल हुआ था वीडियो

कॉन्सर्ट का वीडियो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। यूट्यूब पर अपलोड होने के बाद 24 घंटे के भीतर इसे 20 लाख से अधिक बार देखा गया। बाद में ईरानी अधिकारियों ने परस्तू अहमदी और कई संगीतकारों को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था। हालांकि, उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया, लेकिन वीडियो प्रकाशित करने के मामले में कानूनी कार्रवाई जारी रही।

27 मिनट के वीडियो में 4 पुरुष

परस्तू अहमदी ने करीब 27 मिनट का वीडियो साझा किया था, जिसमें वह चार पुरुष संगीतकारों के साथ प्रस्तुति देती दिखाई दी थीं। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने इसे एक “काल्पनिक कॉन्सर्ट” बताया था। इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और कई लोगों ने इसे महिलाओं की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रतीक माना, जबकि ईरानी अधिकारियों ने इसे देश के कानूनों का उल्लंघन करार दिया।

पहले भी उतार चुकी हिजाब

दरअसल ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना अनिवार्य है। इसके अलावा वहां के कानून के अनुसार महिलाएं सार्वजनिक रूप से अकेले गाना भी नहीं गा सकतीं। अधिकारियों ने बिना हिजाब और निर्धारित सामाजिक नियमों का पालन किए बिना प्रस्तुति देने को कानून का उल्लंघन माना। परस्तू अहमदी इससे पहले वर्ष 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भी चर्चा में आई थीं। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गीत गाने का आरोप लगा था। उस समय सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की थी और उनके घर की तलाशी भी ली गई थी।

Pooja Thakur

pt37557@gmail.com

मीडिया की दुनिया में पिछले 3 सालों से सक्रिय। वर्तमान में Newg India में बतौर कंटेंट राइटर और मल्टीमीडिया प्रोड्यूसर काम कर रही हूं, जहां हर कहानी को एक नए नजरिए से पेश करने की कोशिश करती हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.