दिल्ली। दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर उपराज्यपाल टीएस संधू ने सोमवार को कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के चेयरपर्सन राजेश वर्मा के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक के दौरान दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। लोक निवास में हुई इस बैठक में सर्दियों से पहले वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए समयबद्ध रोडमैप बनाने पर जोर दिया गया।

प्रदूषण नियंत्रण पर हुई चर्चा
दोनों पक्षों ने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा राजधानी को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण अत्यंत आवश्यक है। बैठक में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने, विभिन्न विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पर्यावरण संबंधी चुनौतियों के समाधान के लिए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में इस बात पर सहमति जताई गई कि प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वित प्रयास और दीर्घकालिक दृष्टिकोण आवश्यक है, जिससे दिल्ली के पर्यावरण और जनस्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाया जा सके। बैठक में मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSM) की संख्या बढ़ाने, प्रमुख सड़कों की मरम्मत, नालियों से निकली सिल्ट का तुरंत निपटान और सड़क किनारों पर पौधरोपण जैसे ठोस कदमों पर चर्चा हुई। LG ने सिल्ट को सूखने नहीं देने और उसे तुरंत हटाने के सख्त निर्देश दिए।



