जालोर से दिल्ली-जयपुर का सीधा रेल संपर्क शुरू, रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Share This Article:

जालोर: पश्चिम राजस्थान के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को जालोर रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 04875 जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जालौर सांसद चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।

नई रेल सेवा शुरू होने के साथ जालोर, मारवाड़ भीनमाल, रानीवाड़ा और पश्चिम राजस्थान के अन्य क्षेत्रों का पहली बार जयपुर और देश की राजधानी दिल्ली से सीधा रेल संपर्क स्थापित हो गया है।

रेल मंंत्री ने कहा-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जालोर क्षेत्र की जनता लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के विकास, यात्रियों की सुविधा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आजादी के समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग को पूरा किया गया है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

रेल मंत्री ने जानकारी दी कि राजस्थान में इस समय 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य चल रहे हैं। वहीं, अमृत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। जालौर और मारवाड़ भीनमाल स्टेशन का विकास कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि जयपुर, कोटा, जोधपुर, अजमेर, आबूरोड, पाली मारवाड़ और जैसलमेर जैसे स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे ये पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित होंगे।

रेल मंत्री ने क्षेत्र में ग्रेनाइट उद्योग को बढ़ावा देने के लिए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने की संभावना भी जताई और कहा कि रेलवे इस दिशा में हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।

उन्होंने बताया कि कोविड के बाद राजस्थान के लिए 46 जोड़ी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें वंदे भारत, अमृत भारत और कई एक्सप्रेस रेल सेवाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक श्री जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक श्री छगन सिंह, सांचौर विधायक श्री जीवाराम चौधरी, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ और जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

रेल मंत्री ने यात्रियों से किया संवाद

कार्यक्रम के बाद रेल मंत्री स्वयं उद्घाटन स्पेशल ट्रेन में सवार हुए और डिब्बों में जाकर यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से यात्रा अनुभव की जानकारी ली। यात्रियों ने नई रेल सेवा शुरू होने पर खुशी जताते हुए रेल मंत्री का आभार व्यक्त किया।

भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस सेवा भी शुरू

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा (वाया भीलड़ी–जालौर) का संचालन भी शुरू किया है।

गाड़ी संख्या 19403 भुज–दिल्ली एक्सप्रेस 23 मई 2026 से भुज से सुबह 11:15 बजे रवाना होकर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

वहीं 19404 दिल्ली–भुज एक्सप्रेस 24 मई 2026 से दिल्ली से शाम 4:40 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 7:35 बजे भुज पहुंचेगी।

इस ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें:

  • 01 सेकंड एसी
  • 03 थर्ड एसी
  • 08 स्लीपर कोच
  • 04 जनरल कोच
  • 01 पावर कार
  • 01 गार्ड डिब्बा

शामिल हैं। ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भीलड़ी, जालौर, पाली मारवाड़, अजमेर, जयपुर, अलवर और रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

Shivangi Shukla

Shivangi.shukla95512@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.