नई दिल्ली। WWE के सबसे खूंखार रेसलर ‘द बीस्ट इनकार्नेट’ ब्रॉक लेसनर का युग क्या अब समाप्त हो गया है? रेसलमेनिया 42 के दूसरे दिन कुछ ऐसा हुआ जिसने दुनियाभर के करोड़ों फैंस की आंखों में आंसू ला दिए। रेसलमेनिया के 42वें संस्करण का नाइट-2 ऐतिहासिक रहा, लेकिन यह रात ओबा फेमी के उदय और ब्रॉक लेसनर के संभावित विदाई के लिए हमेशा याद रखी जाएगी। रिंग में अपनी ताकत के लिए मशहूर ब्रॉक लेसनर मैच के बाद बेहद भावुक नजर आए।


फेमी ने ब्रॉक लेसनर को दी ‘चोकस्लैम’
रेसलमेनिया 42 के इस महामुकाबले में युवा स्टार ओबा फेमी ने वह कर दिखाया जिसकी उम्मीद कम ही लोगों को थी। फेमी ने न केवल लेसनर के घातक सिग्नेचर मूव ‘F5’ को झेला, बल्कि पलटवार करते हुए एक जबरदस्त ‘चोकस्लैम’ और फिर अपने फिनिशिंग मूव ‘फॉल फ्रॉम ग्रेस’ के साथ ब्रॉक लेसनर को पिन कर दिया। इस एकतरफा हार ने एरिना में सन्नाटा पसरा दिया, क्योंकि किसी ने नहीं सोचा था कि ‘बीस्ट’ को इस तरह मात दी जा सकती है।
पॉल हेमन को गले लगाया
मैच खत्म होने के बाद रिंग के अंदर जो नजारा दिखा, उसने लेसनर के संन्यास की खबरों पर मुहर लगा दी। हार के बाद ब्रॉक रिंग के बीच में ही बैठ गए और धीरे-धीरे अपने दस्ताने उतारने लगे। इसके बाद उन्होंने अपने जूते भी उतारे और उन्हें रिंग के बीचों-बीच रख दिया। रेसलिंग की दुनिया में यह एक पारंपरिक इशारा है कि रेसलर अब अपने करियर को अलविदा कह रहा है। लेसनर ने मैट को चूमा और अपने पुराने साथी पॉल हेमन को गले लगाया, जिससे वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया।

WWE ने नहीं की आधिकारिक घोषणा
ब्रॉक लेसनर की इस विदाई पर दिग्गज रेसलर कर्ट एंगल ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा, “लव यू, मेरे भाई। तुम्हारे जैसा कोई दूसरा नहीं होगा। रिटायरमेंट का आनंद लो, ब्रॉक।” हालांकि WWE की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन रिंग गियर को वही छोड़ना और फैंस का हाथ मिलाकर बैकस्टेज जाना इस बात का पुख्ता संकेत है कि ‘द बीस्ट’ का इन-रिंग सफर अब थम चुका है।



