नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के बीच सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। टीम के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोट के कारण टूर्नामेंट के बाकी बचे सभी मैचों से बाहर हो गए हैं। सीएसके ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि खलील की मांसपेशियों की चोट गंभीर है और इसे ठीक होने में कम से कम 12 सप्ताह का समय लगेगा।
केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी चोट
खलील को यह चोट 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी, जिसके कारण उन्हें अपना ओवर अधूरा छोड़कर मैदान से बाहर जाना पड़ा था। चेन्नई के लिए यह ‘दोहरी मार’ जैसा है, क्योंकि दिग्गज एमएस धोनी भी अपनी इंजरी से जूझ रहे हैं। हालांकि धोनी अभ्यास सत्र में हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन उनकी मैच फिटनेस को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है। इसके अलावा नाथन एलिस पहले ही बाहर हो चुके हैं, जिससे गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आ रहा है।
कौन होगा खलील का विकल्प?
खलील अहमद की जगह भरने के लिए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के पास दो प्रमुख विकल्प मौजूद हैं:
मुकेश चौधरी: खलील की तरह ही बाएं हाथ के स्विंग गेंदबाज हैं और पहले भी पावरप्ले में विकेट चटकाने की अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं।
रामकृष्ण घोष: महाराष्ट्र के इस ऑलराउंडर ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में उन्होंने 27 गेंदों में 64 रनों की पारी खेलने के साथ-साथ हिमाचल के खिलाफ 7 विकेट लेकर सुर्खियां बटोरी थीं।
शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले मुकाबले में यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रबंधन किस खिलाड़ी को प्लेइंग इलेवन में मौका देता है।



