कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार शाम अपने पत्तों को खोलते हुए 284 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। राज्य की कुल 294 सीटों में से अधिकांश पर उम्मीदवारों के नाम तय कर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस बार किसी गठबंधन के बजाय ‘अकेले’ चुनाव लड़ रही है। इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी का है, जिन्हें बहरामपुर सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
भवानीपुर में मुख्यमंत्री को चुनौती
कांग्रेस ने राज्य की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदीप प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा मालदा की राजनीति का बड़ा चेहरा रहीं मौसम नूर को मालातीपुर से टिकट दिया गया है। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं: हेमताबाद से अनामिका राय, जंगीपुर से मोहम्मद इमरान अली, तूफानगंज से देबेंद्रनाथ और
दिनहाटा से हरिहर राय।
खड़गे और राहुल की मौजूदगी में हुआ मंथन
उम्मीदवारों के चयन के लिए शनिवार को दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल शामिल थे। बैठक में पश्चिम बंगाल के स्थानीय नेताओं और अधीर रंजन चौधरी के साथ लंबी चर्चा के बाद इन नामों पर मुहर लगाई गई।
सभी 294 सीटों पर अकेले लड़ने का फैसला
बैठक में वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री और टीएस सिंहदेव भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार, पार्टी ने बंगाल में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति को देखते हुए सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ने की रणनीति बनाई है। अधीर रंजन चौधरी, जो हाल ही में लोकसभा चुनाव हार गए थे, उनकी उम्मीदवारी को पार्टी कैडर में जोश भरने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।



