नोएडा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया।

इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया जब वैश्विक संकटों से जूझ रही है, तब भी भारत ने अपनी विकास की गति को थमने नहीं दिया है। यह एयरपोर्ट न केवल दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दबाव कम करेगा, बल्कि पूरे उत्तर भारत की कनेक्टिविटी के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।
पीएम मोदी ने एयरपोर्ट की क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि यहां से हर 2 मिनट में विमान उड़ान भरेंगे, जो उत्तर भारत को सीधे दुनिया से जोड़ देगा। उन्होंने हाल के हफ्तों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पूरे हुए बड़े प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र किया, जिनमें नोएडा की विशाल सेमीकंडक्टर फैक्ट्री, देश की पहली ‘नमो भारत’ ट्रेन और मेरठ मेट्रो का विस्तार शामिल है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं भारत को तकनीक में आत्मनिर्भर बनाने और लोगों को स्मार्ट कनेक्टिविटी देने की दिशा में बड़े कदम हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारों ने अंधविश्वास और चुनावी हार के डर से नोएडा की अनदेखी की थी और इसे केवल ‘एटीएम’ की तरह इस्तेमाल किया।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार के नेतृत्व में नोएडा उत्तर प्रदेश के विकास का ‘इंजन’ बन रहा है। जेवर अब केवल हवाई सफर का ही नहीं, बल्कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी केंद्र बन रहा है, जिससे यहाँ के किसानों के उत्पाद और उद्योगों का सामान दादरी के जरिए दुनिया के कोने-कोने तक तेजी से पहुँच सकेगा।



