नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (79) इन दिनों दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में एडमिट हैं। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने उनके इलाज को लेकर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। गोड्डा से सांसद दुबे ने राहुल गांधी की ‘आरक्षण की राजनीति’ पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि उन्होंने अपनी माता जी का इलाज किसी सरकारी अस्पताल के बजाय ऐसे निजी अस्पताल में क्यों कराया जहां आरक्षण व्यवस्था लागू नहीं है।
तीखे शब्दों से वार
भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राहुल गांधी को संबोधित करते हुए लिखा कि सर गंगाराम अस्पताल एक निजी संस्थान है और वहां आरक्षण लागू नहीं है। दुबे ने सवाल किया, “यदि एम्स (AIIMS) में इलाज कराते तो वहां आपको 60 प्रतिशत आरक्षण वाले डॉक्टर मिलते, क्या आपका भरोसा सरकारी तंत्र पर नहीं है? उन्होंने आगे कहा कि सोनिया जी का इलाज जो डॉक्टर कर रहे हैं, वे भी आरक्षित वर्ग से नहीं हैं। दुबे ने राहुल गांधी पर समाज को बांटने और विदेशी ताकतों के इशारे पर राजनीति करने का भी गंभीर आरोप लगाया।
राहुल गांधी जी सोनिया गांधी जी का ईलाज जिस अस्पताल गंगाराम में हो रहा है वह प्राइवेट अस्पताल है,वहाँ आरक्षण लागू नहीं है । यदि एम्स में इलाज कराते तो वहाँ आपको 60 प्रतिशत आरक्षण के डॉक्टर मिलते,क्या आपका भरोसा सरकारी अस्पताल में नहीं है?उनका इलाज भी डॉक्टर अरुप बासु कर रहे हैं जो…
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) March 26, 2026
सोनिया गांधी की सेहत में सुधार
सर गंगाराम अस्पताल के अधिकारियों ने गुरुवार को सोनिया गांधी के स्वास्थ्य की जानकारी साझा की। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि उन्हें 24 मार्च की रात करीब 10:22 बजे बुखार और संक्रमण की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। वरिष्ठ डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है। उन्हें एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं और उन पर दवाओं का सकारात्मक असर हो रहा है।
सियासी चर्चा का केंद्र बना ‘आरक्षण’
आपको बता दें कि निशिकांत दुबे का यह बयान उस संदर्भ में आया है, जिसमें राहुल गांधी अक्सर अपनी रैलियों और संसद में दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों के उचित प्रतिनिधित्व और आरक्षण का मुद्दा उठाते हैं। भाजपा सांसद ने इसी मुद्दे को आधार बनाकर कांग्रेस की वर्तमान नीतियों और राहुल गांधी के बयानों पर तंज कसा है।



