मुंबई: सुधीर चौधरी ने सोशल मीडिया पर इस गठबंधन की घोषणा करते हुए उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनका प्रोडक्शन हाउस ‘एस्प्रिट प्रोडक्शंस’, एकता कपूर की ‘बालाजी टेलीफिल्म्स’ और ‘एलिप्सिस एंटरटेनमेंट’ के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट पर काम करेगा।
सुधीर ने साझा किया कि दशकों तक ग्राउंड जीरो से रिपोर्टिंग करने और सच को घर-घर पहुंचाने के बाद, अब वह सिनेमा के माध्यम से दर्शकों को शिक्षित और मनोरंजन करने का प्रयास करेंगे।
‘द टेरर रिपोर्ट’ एक साहसी और प्रभावशाली फिल्म होने का वादा करती है, जिसमें 1998 से 2025 के बीच भारत में हुए प्रमुख आतंकी हमलों को दर्शाया जाएगा। सुधीर चौधरी का लक्ष्य इन कहानियों को पूरी ‘ईमानदारी और साहस’ के साथ सिनेमाई पर्दे पर उतारना है। फिल्म में पत्रकारिता की बारीकियों और सिनेमाई तीव्रता का मेल देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को झकझोर देने वाले तथ्यों से रूबरू कराएगी।
फिल्म के बारे में बात करते हुए निर्माता एकता कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर साझा किया कि यह फिल्म पाक अधिकृत कश्मीर से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक की घटनाओं को कवर करेगी। उन्होंने इसे पिछले भाग की तुलना में अधिक उग्र और साहसी बताया है। विष्णु वर्धन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विक्रांत मैसी, राशि खन्ना और रिद्धि डोगरा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।



