पिता रणबीर हुड्डा के जन्मदिन पर पिता बने रणदीप; पत्नी लिन को कहा ‘थैंक यू’, सोशल मीडिया पर फैंस लुटा रहे हैं प्यार
मुंबई | बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी लिन लैशराम के लिए आज का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया है।
मंगलवार, 10 मार्च को इस जोड़े ने अपने पहले बच्चे के रूप में एक नन्हीं बेटी का स्वागत किया है। यह अवसर हुड्डा परिवार के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि आज ही रणदीप के पिता, रणबीर हुड्डा का जन्मदिन भी है। रणदीप ने अपनी बेटी की पहली झलक साझा करते हुए इस संयोग को ‘दोहरी खुशी’ बताया है।
दादा और पोती को जन्मदिन की बधाई
रणदीप ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उनके पिता रणबीर अपनी नवजात पोती को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। हरियाणवी पुट के साथ रणदीप ने लिखा, “दादा अर पोती नै जन्मदिन की घणिए बधाई। आज जब मैं खुद एक पिता बना हूँ, तो पापा आपके लिए मेरा सम्मान और बढ़ गया है।” उन्होंने अपनी पत्नी लिन को धन्यवाद देते हुए लिखा, “लिन, मुझे पिता बनाने और हमारी छोटी बेटी को इस दुनिया में लाने के लिए शुक्रिया। एक नन्हीं परी और जीवन भर का प्यार।”
मटरनिटी फोटोशूट के बाद आई खुशखबरी
बता दें कि आज सुबह ही रणदीप और लिन ने अपने ड्रीम मटरनिटी फोटोशूट की तस्वीरें साझा की थीं, जिसमें लिन अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आ रही थीं। फैंस अभी उन तस्वीरों पर प्यार लुटा ही रहे थे कि शाम तक बेटी के जन्म की खबर ने सबको चौंका दिया। इस जोड़े ने अपनी दूसरी शादी की सालगिरह (29 नवंबर, 2025) पर प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था।
थिएटर से शुरू हुआ था सफर
रणदीप और लिन की मुलाकात नसीरुद्दीन शाह के थिएटर ग्रुप ‘मोटली’ में हुई थी। लंबे समय तक दोस्त रहने के बाद, दोनों ने 29 नवंबर, 2023 को मणिपुर के इंफाल में पारंपरिक मैतेई (Meitei) रीति-रिवाज से शादी की थी। अब बेटी के आगमन के साथ उनका परिवार पूरा हो गया है।



