नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बीते कई दिनों से विवाद चल रहा है। पहले पाकिस्तान ने 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच अब उसे अपने फैसले से यू-टर्न लेते हुए मैच खेलने के लिए राजी होना पड़ा है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने भारत के खिलाफ जहर उगला है।
पाकिस्तानी टीवी चैनल ‘समा’ पर एक शो के दौरान अफरीदी ने भारत के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ‘भारत को चार गुजराती चला रहे हैं।’ 2 बेच रहे हैं और 2 चला रहे हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पाकिस्तान क्रिकेट की बेबसी झलकी
अफरीदी के बयान को पाकिस्तान क्रिकेट की मौजूदा स्थिति और आईसीसी के सामने उसकी कमजोर स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के खिलाफ मुकाबले को लेकर पाकिस्तान में निराशा और बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। भारत और पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए में शामिल हैं। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा।



