नई दिल्ली। सनी देओल और वरुण धवन स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के महज चार दिनों में ही फिल्म ने दुनियाभर में 250 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर ली है। खासतौर पर रिपब्लिक डे के मौके पर फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला, जिससे कलेक्शन में बड़ी उछाल देखने को मिली।
रिपब्लिक डे पर रिकॉर्ड कमाई
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के अनुसार, 26 जनवरी यानी रिलीज के चौथे दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 59 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इस दिन हिंदी में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 64.27% दर्ज की गई, जो दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स को दर्शाती है।
भारत में 180 करोड़ नेट का आंकड़ा पार
फिल्म ने भारत में एक्सटेंडेड ओपनिंग वीकेंड के दौरान कुल 180 करोड़ रुपए नेट और करीब 212.5 करोड़ रुपए ग्रॉस की कमाई कर ली है। मजबूत वीकेंड और देशभक्ति के माहौल ने फिल्म की कमाई को नई रफ्तार दी।
विदेशों में भी बरकरार जलवा
‘बॉर्डर 2’ का असर सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहा। इंटरनेशनल बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक करीब 4.3 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 251 करोड़
घरेलू और विदेशी बाजारों के आंकड़ों को मिलाकर चार दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 251 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले दिनों में भी फिल्म की कमाई में मजबूती बनी रह सकती है।



