गुरुग्राम/दिल्ली एनसीआर: लेखक एवं कैरिओके सिंगर पवन शर्मा को उनके प्रथम कैरिओके सिंगर्स डाइरेक्टरी ‘स्वर संग्रह’ के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (IBR) ने IBR Achiever की उपाधि से सम्मानित किया है। इस डाइरेक्टरी को IBR की रिकॉर्ड बुक में दर्ज किया गया है, जो देशभर के कैरिओके सिंगर्स और संगीत-प्रेमियों के लिए गौरव की बात है। पवन शर्मा को सम्मान स्वरूप सर्टिफिकेट, मेडल और आइडेंटिटी-कार्ड प्रदान किया गया।
IBR भारत में असाधारण और उल्लेखनीय उपलब्धियों को मान्यता देने वाला एक प्रतिष्ठित मंच है। यह कला, शिक्षा, खेल, साहसिक कार्य और अन्य क्षेत्रों में मानवीय उत्कृष्टता को दर्ज करता है और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से संबद्ध होने के कारण रिकॉर्ड धारकों को एशियाई स्तर पर भी पहचान मिलती है।
पवन शर्मा ने इस डाइरेक्टरी का स्वयं संकलन, संपादन और प्रकाशन किया है। इसमें दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद क्षेत्र के कैरिओके सिंगर्स, ऑर्गनाइज़र्स, ऑडिटोरियम और स्टूडियो का विवरण शामिल है, साथ ही कैरिओके सिंगिंग के महत्व और उपयोगी जानकारियाँ भी दी गई हैं।
उन्होंने कहा, “गायकी हमारी कला और संस्कृति का अभिन्न अंग होने के साथ-साथ देश और दुनिया की एक उभरती हॉबी भी है। कैरिओके सिंगिंग से हर आयु वर्ग के लाखों लोग जुड़ रहे हैं और हजारों-लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। यह मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव के लिए भी लाभकारी है।”
गुरुग्राम के आर्टिमिस ऑडिटोरियम में हाल ही में इस डाइरेक्टरी का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के जाने-माने सिंगर्स, ऑर्गनाइज़र्स, संगीत प्रेमियों और प्रतिष्ठित हस्तियों ने इस अभूतपूर्व प्रकाशन की सराहना की।



