नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। सेना की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 10 जवानों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 11 सैनिकों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया है।
खन्नी टॉप पर हुआ हादसा
सेना अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना भद्रवाह-चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुई। वाहन में कुल 21 जवान सवार थे, जो एक ऊपरी इलाके में स्थित पोस्ट पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी।
राहत एवं बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए भेजा गया।
उपराज्यपाल ने जताया शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस कठिन घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता और समर्थन में खड़ा है। घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
महबूबा मुफ्ती ने भी जताई संवेदना
जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डोडा से आई इस दुखद खबर ने मुझे गहरे दुख में डाल दिया है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।



