नई दिल्ली: स्पेन के राष्ट्रपति पेद्रो सांचेज़ पेरेज़-कास्तेखोन शीघ्र ही भारत की आधिकारिक यात्रा पर आएंगे। यह जानकारी स्पेन के विदेश मंत्री होसे मैनुअल अल्बारेस ने बुधवार को दी। उन्होंने यह आशा भी जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भविष्य में स्पेन की यात्रा कर सकेंगे।
विदेश मंत्री अल्बारेस ने राजधानी नई दिल्ली में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात के दौरान कहा कि स्पेन भारत के साथ संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के सर्वोच्च स्तर तक ले जाना चाहता है। उन्होंने बताया कि स्पेन हिंद-प्रशांत महासागर पहल से जुड़ने को इच्छुक है और इस संबंध में औपचारिक पत्र भी सौंपा गया है।
अल्बारेस ने कहा कि स्पेन, यूरोपीय संघ के माध्यम से द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को और मजबूत करेगा। उन्होंने हाल ही में बार्सिलोना में हुई भीषण रेल दुर्घटना पर भारत द्वारा व्यक्त संवेदना के लिए आभार प्रकट किया।
उन्होंने भारत-स्पेन के संयुक्त सांस्कृतिक, पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता वर्ष के लिए जारी साझा प्रतीक चिह्न (लोगो) को दोनों देशों की साझा सोच का प्रतीक बताया।
विदेश मंत्री ने कहा कि वैश्विक व्यवस्था में चल रहे बदलावों के बीच भारत जैसा भरोसेमंद देश स्पेन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार है, जो अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और बहुपक्षवाद में विश्वास रखता है।
उन्होंने यूरोपीय संघ-भारत मुक्त व्यापार समझौते को शीघ्र अंतिम रूप दिए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह दोनों क्षेत्रों के लिए सकारात्मक संकेत होगा।
अल्बारेस ने एयरबस-टाटा सहयोग को भारत-स्पेन औद्योगिक साझेदारी का आदर्श उदाहरण बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय यात्राओं की गति आगे भी बनी रहनी चाहिए।



