मुंबई | बॉलीवुड की ‘नेशनल क्रश’ श्रद्धा कपूर की शादी को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि श्रद्धा अपने कथित बॉयफ्रेंड राहुल मोदी के साथ राजस्थान के उदयपुर में एक शाही ‘हेरिटेज वेडिंग’ करने जा रही हैं। हालांकि, अब श्रद्धा के भाई और अभिनेता सिद्धांत कपूर ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देकर स्थिति साफ कर दी है।
सिद्धांत कपूर की प्रतिक्रिया ने लूटी लाइमलाइट
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रही एक पोस्ट, जिसमें श्रद्धा की शादी और फैंस के ‘दिल टूटने’ का जिक्र था, उस पर सिद्धांत कपूर की नजर पड़ी। उन्होंने कमेंट सेक्शन में हैरानी और हंसने वाली इमोजी (😳😳😳 😂😂😂) के साथ लिखा, “ये तो मेरे लिए भी न्यूज़ है!” सिद्धांत के इस कमेंट ने उन तमाम कयासों पर विराम लगा दिया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि शादी की तैयारियां गुपचुप तरीके से चल रही हैं।

फैंस बोले— “शुक्रिया कन्फर्मेशन के लिए”
सिद्धांत के इस कमेंट के बाद फैंस ने राहत की सांस ली है। एक यूजर ने लिखा, “उम्मीद है अब इन अफवाहों पर रोक लगेगी,” वहीं दूसरे ने मजाक में कहा, “भाई को ही नहीं पता तो शादी कैसी?” बता दें कि शक्ति कपूर की लाडली श्रद्धा कपूर अपनी सादगी के लिए जानी जाती हैं और उनकी शादी की खबर से लाखों फैंस के बीच खुशी और दुख का मिला-जुला माहौल बन गया था।
श्रद्धा का मजेदार जवाब: “मैं करूंगी, यो विवाह करूंगी”
शादी की चर्चा तब और तेज हुई थी जब पिछले हफ्ते श्रद्धा ने खुद एक प्रशंसक के सवाल का मजाकिया अंदाज में जवाब दिया था। एक यूजर ने पूछा, “शादी कब करोगे श्रद्धा जी?” जिस पर एक्ट्रेस ने फिल्म ‘विवाह’ के अंदाज में जवाब दिया, “मैं करूंगी, यो विवाह करूंगी।” उनके इस मजाकिया अंदाज को कुछ लोगों ने शादी का संकेत मान लिया था।
राहुल मोदी के साथ रिश्ता
श्रद्धा और राहुल मोदी के अफेयर की चर्चाएं साल 2024 की शुरुआत से ही हैं। हालांकि दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया है, लेकिन उन्हें अक्सर साथ देखा जाता है। दिसंबर 2024 में श्रद्धा ने राहुल के साथ एक ‘वड़ा पाव डेट’ की तस्वीर साझा कर ब्रेकअप की अफवाहों को भी खारिज कर दिया था।



