छात्रों का अनुशासन राष्ट्र को आगे ले जाएगा: सीएम रेखा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता का शुभारंभ। कहा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जीवंत कर रही राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता। संगीत के साथ अनुशासन और आत्म-नियंत्रण का सशक्त प्रतीक भी है बैंडः शिक्षा मंत्री आशीष सूद

Share This Article:

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र-निर्माण के मूल्यों को विकसित करने का मंच है। यहां विद्यार्थियों की ओर से प्रदर्शित सटीक और संगीतात्मक एकता ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना को सशक्त करती है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्कूल बैंड टीमों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे केवल प्रतियोगी नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य के ध्वजवाहक है। सीएम ने यह बात सोमवार को छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता उत्तरी जोन के समारोह में कही।

दिल्ली सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप गतिविधियों को दे रही महत्व

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को महत्व दे रही है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके। बैंड प्रतियोगिता जैसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, रचनात्मकता और नेतृत्व कौशल को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों का अनुशासन और समर्पण राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे ले जाएगा। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के लिए गर्व का विषय है कि वह पहली बार राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता नॉर्थ जोन की मेजबानी कर रही है।

देश ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है, जिसमें युवा शक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। देश के विभिन्न राज्यों से, अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले विद्यार्थी जब एक साथ मंच पर ताल, लय और अनुशासन के साथ प्रस्तुति देते हैं, तो वे राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देते हैं। उनकी प्रस्तुतियां दिखाती हैं कि विविधताओं के बावजूद भारत एक सूत्र में बंधा हुआ है यह आयोजन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जीवंत रूप में साकार करता है।

स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्वास दिया था कि यूथ पावर ही नेशन की पावर है

इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि आज 12 जनवरी है, राष्ट्रीय युवा दिवस है। स्वामी विवेकानंद ने भारत को यह विश्वास दिया था कि यूथ पावर ही नेशन की पावर है। उन्होंने कहा कि बैंड केवल गीत-संगीत या लय का परिचय नहीं है, बल्कि यह अनुशासन और आत्म-नियंत्रण का सशक्त प्रतीक भी है। बैंड के दौरान किया जाने वाला मार्च-पास्ट हमें टीम भावना सिखाता है और यह भी सिखाता है कि जीवन में सबको साथ लेकर कैसे चला जाता है। उन्होंने कहा कि अगर एक क्षण की भी चूक हो जाए या समय पर धुन या कदम पीछे रह जाए तो पूरी टीम की लय और महीनों की मेहनत प्रभावित हो जाती है। इसलिए बैंड केवल सुरों और धुनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन में टीम भावना, आत्म-अनुशासन और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को भी गहराई से स्थापित करता है।

विशेष है यह प्रतियोगिता

यह प्रतियोगिता भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा रक्षा मंत्रालय के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसका संचालन दिल्ली सरकार के शिक्षा एवं खेल निदेशालय विभाग द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता 12 से शुरू होकर 13 जनवरी 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ से लगभग 1000 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से 100 विद्यार्थियों का दल दिल्ली पहुंचा है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.