पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में कई सिंगर और अभिनेता-अभिनेत्रियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन बहुत कम लोगों को ही सफलता मिली। चुनावी नतीजों के बाद कई चेहरे राजनीति से दूरी बनाते नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में भोजपुरी गायक और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रहे रितेश पांडे ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रितेश पांडे ने अपने इस्तीफे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। विधानसभा चुनाव में उन्हें मात्र 10,294 वोट मिले थे और वे अपने क्षेत्र में चौथे स्थान पर रहे थे।
क्या बोले रितेश पांडेय
अपने इस्तीफे को लेकर रितेश पांडे ने लिखा कि एक जिम्मेदार भारतीय होने के नाते और अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए उन्होंने जन सुराज पार्टी से जुड़कर लोकतंत्र के महापर्व में भाग लिया। परिणाम अनुकूल नहीं रहे, लेकिन उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है क्योंकि उन्होंने अपना दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाया।
ये भी पढ़ें-क्यों अजीत डोभाल मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग नहीं करते?
इसलिए छोड़ी पार्टी
उन्होंने आगे कहा कि अब वे उसी कार्य के माध्यम से जनता की सेवा जारी रखना चाहते हैं, जिसने लोगों के प्यार, सम्मान और दुलार से एक साधारण किसान परिवार के बेटे को यहां तक पहुंचाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य रहते हुए यह कार्य कर पाना उनके लिए मुश्किल है, इसी कारण उन्होंने जन सुराज पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया। रितेश पांडे ने अपने संदेश के अंत में उम्मीद जताई कि जनता उनके इस फैसले को समझेगी और आगे भी अपना स्नेह बनाए रखेगी।



