नई दिल्ली। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के चलते उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप तेज हो गया है। रविवार को राजस्थान के कई इलाकों में तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चला गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा माइनस 1 डिग्री तक पहुंच गया।
जमा पाइपलाइन का पानी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जिलों में कड़ाके की ठंड के कारण पाइपलाइनों का पानी जम गया है। पिथौरागढ़ स्थित आदि कैलाश और रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम में न्यूनतम तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
यूपी में स्कूल बंद
मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है और घना कोहरा छाया हुआ है। उत्तर प्रदेश के मेरठ में तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार सुबह प्रदेश के 25 जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। ठंड और कोहरे को देखते हुए नोएडा में 15 जनवरी तक, गोरखपुर और आगरा में 13 जनवरी तक तथा मेरठ में 12 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। वहीं, गाजियाबाद में पांचवीं कक्षा तक के स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।
बिहार में कोल्ड अलर्ट जारी
बिहार में भी सर्दी का असर तेज है। राज्य के 5 जिलों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और 11 जिलों में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 24 जिलों में घने कोहरे और कोल्ड-डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट, जबकि 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में टूटा 13 सालों का रिकॉर्ड
इधर, दिल्ली में इस सर्दी के मौसम में पहली बार तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। आया नगर में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री रहा, जबकि पालम एयरपोर्ट पर 13 वर्षों में सबसे कम 3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।



