बिहार में माफिया हो या रोमियो, अब नहीं बचेगा कोई!

बिहार के गृहमंत्री का पदभार संभालते ही सम्राट चौधरी एक्शन में बोले, जमीन, बालू और शराब माफिया की लिस्ट तैयार… छेड़खानी पर जीरो टॉलरेंस… जेल में मोबाइल जाने पर सख्त कार्रवाई… और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वालों पर भी अब होगी FIR।

Share This Article:

पटना: बिहार के नए गृह मंत्री और पदभार ग्रहण करते ही उप मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया है। उन्होंने गृह विभाग की कमान संभालने के तुरंत बाद कहा कि राज्य में अपराध, माफिया नेटवर्क और महिलाओं के खिलाफ अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी। सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की स्थापना की है और नई सरकार उसे और सख्ती के साथ आगे बढ़ाएगी। चौधरी ने सोशल मीडिया पर अभद्र पोस्ट करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया है। साथ ही कहा सड़क पर स्कूल-कॉलेज के बाहर रोमियो बनने वालों की भी खैर नहीं है। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

अपराध से धन अर्जित करने वालों की अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी

उप मुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में अपराध से धन अर्जित करने वालों की अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी। इसे लेकर जल्द ही व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू होगी। साथ ही संगठित अपराध पर नकेल कसने के लिए सभी स्तर पर कवायद जल्द शुरू कर दी जाएगी। जो लोग संगठित अपराध में शामिल है उनकी पहचान कर बिहार पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। बालू, दारू और भूमि से धन कमाने वाले माफियाओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बिहार को मिला पहला गृह मंत्री

उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सरदार पटेल भवन स्थित गृह विभाग में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने डीजीपी विनय कुमार समेत पुलिस महकमा के अन्य आला अधिकारियों के साथ बैठक की। बिहार में यह पहला मौका है, जब उसे कोई गृह मंत्री मिला है। पुलिस महकमा का पूरा नियंत्रण अब गृह मंत्री के अधीन ही होगा। उन्होंने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अब तक न्यायालय से 200 लोगों की संपत्ति जब्त करने की सहमति मिल चुकी है। अन्य अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
गृह मंत्री ने कहा कि राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों के पास व्यस्तता के समय में खासतौर से पेट्रोलिंग की जाएगी। ताकि कोई रोमियो बहन-बेटियों के साथ छेड़खानी नहीं कर सके। बच्चियों के साथ छेड़खानी करने वालों से बिहार पुलिस सख्ती से निपटेगी।

जेलों में होगी सघन निगरानी, मोबाइल मिलने पर नपेंगे अधिकारी

गृहमंत्री ने कहा है कि बिहार की सभी जेलों की सघन निगरानी की जाएगी। जेल में मोबाइल कैसे जाता है, इसकी समीक्षा होगी। जहां कोई कमी है, उसे हर हाल में ठीक किया जाएगा। जेल में बंदियों को जो भोजन मुहैया कराया जाता है, उसमें चिकित्सक की सहमति आवश्यक होगी। जेल के अंदर बाहर से खाना पहुंचाने की शिकायतें लगातार मिलती रहती हैं। इन मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर रहेगी सख्त नजर

सम्राट चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर आजादी का मतलब किसी को गाली देना नहीं है। आपत्ति जनक शब्द पोस्ट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। साइबर अपराध और साइबर ठगी पर पुलिस विशेष नजर रखेगी।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.