दिल्ली के सरकारी स्कूल बनेंगे खेल प्रतिभाओं की नर्सरी

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली सरकार बनाएगी अत्याधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड व ऑडिटोरियम, बच्चों को मिलेगा शुरू से प्रशिक्षण ।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी के सरकारी स्कूलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स ग्राउंड विकसित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य स्कूली बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही विभिन्न खेलों की उच्च गुणवत्ता वाला प्रशिक्षण देना है, ताकि वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली व देश का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री ने आज दिल्ली सचिवालय में शिक्षा विभाग के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर विभागीय कार्यकलापों की समीक्षा की और अधिकारियों को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए।

खेल अकादमियों के सहयोग से बनेगा मजबूत खेल तंत्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार विभिन्न खेल अकादमियों के साथ साझेदारी करेगी। इसके तहत क्रिकेट, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, फुटबॉल, तैराकी और अन्य खेलों की ट्रेनिंग के लिए अकादमियों से एमओयू साइन किए जाएंगे। इन अकादमियों को खेल सुविधाओं के उपयोग की अनुमति और आवश्यक सहयोग भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार हम चाहते हैं कि बच्चों को बचपन से ही खेलों का व्यवस्थित प्रशिक्षण मिले, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें। खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का भी प्रशिक्षण है।

799 स्कूल भवनों का सर्वेक्षण, ग्रामीण इलाकों को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार के शिक्षा विभाग के पास इस समय 799 स्कूल बिल्डिंग्स या कैंपस हैं। संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि वे यह जांच करें कि किन स्कूलों में स्पोर्ट्स ग्राउंड या ऑडिटोरियम विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जहां बड़े मैदान उपलब्ध हैं, वहां आधुनिक स्पोर्ट्स ग्राउंड विकसित किए जाएंगे और जहां स्थान सीमित है, वहां बहुउद्देश्यीय ऑडिटोरियम या मिनी स्पोर्ट्स एरिना बनाए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को इस योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को भी समान अवसर मिल सकें। सरकार कुछ चुनिंदा स्कूलों में स्विमिंग पूल निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है, ताकि बच्चों को सभी प्रमुख खेलों की आधारभूत ट्रेनिंग दी जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस योजना के लिए बजट की कोई कमी नहीं होगी और इसे जल्द से जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये के पुरस्कार और सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि खेलों को प्रोत्साहन देना दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। सरकार ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए आकर्षक प्रोत्साहन योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को 7 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को 5 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर रही है। साथ ही, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उभरते खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता और सम्मानजनक सरकारी नौकरियां देने की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि खिलाड़ियों को न केवल प्रशिक्षण और संसाधन मिलें, बल्कि उन्हें विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिस्टम, उच्चस्तरीय कोचिंग, संतुलित आहार, आधुनिक स्टेडियम और खेल मैदान भी उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल खेल सुविधाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि एक खेल संस्कृति (Sports Culture) विकसित करना है।

शिक्षा और खेल को एक साथ आगे बढ़ाने की एक दूरदर्शी योजना है

मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली सरकार चाहती है कि हर बच्चा मैदान में उतरे, खेलों से जुड़कर आत्मविश्वास और नेतृत्व का भाव सीखे। दिल्ली के स्कूल आने वाले वर्षों में ऐसे खिलाड़ियों की प्रयोगशाला बनेंगे, जो भारत को ओलंपिक और अन्य अंतरराष्ट्रीय खेलों में नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस योजना के शुरू होने तक नियमित मॉनिटरिंग की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि खेल ग्राउंड जल्द से जल्द विकिसत किए जा सकें। रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की यह पहल दिल्ली में शिक्षा और खेल दोनों को एक साथ आगे बढ़ाने की एक दूरदर्शी योजना है। इस योजना से दिल्ली के स्कूल देश के सर्वश्रेष्ठ स्पोर्ट्स हब के रूप में उभर सकते हैं, जहां से भविष्य के ओलंपियन तैयार होंगे।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.