नालंदा: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मंगलवार को नालंदा के नगरनौसा में हरनौत विधानसभा क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी हरिनारायण सिंह के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने सभा की शुरुआत बड़गांव स्थित भगवान सूर्य के प्राचीन मंदिर को नमन करते हुए की और विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल पर जमकर निशाना साधा।
20 साल पहले बिहार में अंधकार था
नड्डा ने बिहार में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास की गति पकड़ी है। उन्होंने कहा, 20 साल पहले बिहार जंगलराज और अंधकारमय था, लेकिन आज गांव-गांव में 23 से 24 घंटे बिजली, पक्की सड़कें और हर घर नल का जल पहुंच रहा है। नड्डा ने 6 नवंबर के चुनाव को बिहार के विकास की गति बनाए रखने वाला चुनाव बताते हुए नालंदा की सभी सातों सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
बदल रहा बिहार
उन्होंने कहा कि रेलवे का बजट 9 गुना बढ़ाया गया है। बिहार से होकर 20 वंदे भारत और 26 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें गुजर रही हैं। पटना का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अब और भी भव्य बन गया है। आने वाले दो सालों में बिहटा में 1400 करोड़ रुपये की लागत से एक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तैयार होगा, साथ ही बिहार में 5 नए एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
बिहार के विकास के लिए काम कर रही सरकार
नड्डा ने आगे कहा कि आयुष्मान भारत योजना से 62 करोड़ लोगों को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ मिला है। मखाना बोर्ड के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि मखाना को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके। मुजफ्फरपुर की लीची और भागलपुर के सिल्क उद्योग के विकास के लिए भी सरकार काम कर रही है।
कांग्रेस-राजद पर परिवारवाद का आरोप
उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों को जनता से कोई मतलब नहीं है। लालू जी अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने में लगे हैं, जबकि सोनिया गांधी जी राहुल को प्रधानमंत्री बनाने में व्यस्त हैं। इनको सिर्फ अपने परिवार से मतलब है, जनता से नहीं।
जंगलराज का जिक्र
नड्डा ने आरजेडी शासनकाल को जंगलराज बताते हुए 2003 की तेल पिलावन लठिया भांजन रैली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में फिरौती और अपहरण एक उद्योग बन चुका था, और फिरौती की रकम उस समय के मुख्यमंत्री के आवास तक पहुंचती थी।
पूरा परिवार बेल पर
लालू परिवार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, लालू, राबड़ी, तेजस्वी, मीसा — पूरा परिवार बेल पर है। जो खुद बेल पर हों और कल जेल जाने को तैयार हों, वे जनता की क्या सेवा करेंगे।
अपराध और दबंगई से बाहर नहीं निकलेगी राजद
उन्होंने कहा कि आरजेडी का मतलब अब राष्ट्रीय जनता दल नहीं बल्कि रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी की पार्टी हो गया है। नड्डा ने आरोप लगाया कि आरजेडी ने शहाबुद्दीन के नए संस्करण ओसामा को टिकट देकर यह साबित कर दिया है कि वह अब भी अपराध और दबंगई की राजनीति से बाहर नहीं आ सकी है।
यह भी पढ़ेंः हर साल 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर होगी राष्ट्रीय परेड
हरिनारायण सिंह को जिताने की अपील
अंत में नड्डा ने जनता से हरिनारायण सिंह को लगातार 10वीं बार जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि जंगलराज फैलाने वालों को घर पर बैठाना नालंदा के मतदाताओं की जिम्मेदारी है।



