नईं दिल्ली: छठ महापर्व के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में उत्सव का माहौल है। इस पवित्र पर्व को सुरक्षित, स्वच्छ और भव्य बनाने के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह से सक्रिय है। इसी कड़ी में मंत्री कपिल मिश्रा ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ राजधानी के विभिन्न छठ घाटों का सघन निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में समीक्षा
मंत्री कपिल मिश्रा ने मयूर विहार घाट, अशोक नगर, कोंडली और त्रिलोक पुरी में वीरेंद्र सचदेवा के साथ घाटों की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद वे वासुदेव घाट पहुंचे, जहां उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, टेंट, जलस्तर और यातायात प्रबंधन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। सोनिया विहार समेत कई अन्य घाटों का भी उन्होंने दौरा किया।
यह भी पढ़ेंः नई दिल्ली: मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मंत्री कपिल मिश्रा ने जानकारी दी कि हर घाट पर रोशनी, सुरक्षा और जल निकासी की व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं। उन्होंने स्वयं घाटों पर जाकर सफाई कार्य और टेंट की व्यवस्था की गुणवत्ता परखी और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली।
इस बार छठ पूजा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प
उन्होंने अंत में कहा कि राजनीति का उद्देश्य सेवा होना चाहिए और विरोध के नाम पर नकारात्मक राजनीति करना उचित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने इस बार की छठ पूजा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है।



