बेतिया: बेतिया से बड़ी खबर आ रही है, जहां बीजेपी सांसद डॉ. संजय जयसवाल से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालीबाग थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी अशोक कुमार और जमादार टोला निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। बेतिया एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि 24 घंटे के भीतर रंगदारी मामले का खुलासा कर लिया गया है। इस मामले की जांच के लिए SIT टीम का गठन किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि जिस मोबाइल फोन से सांसद को कॉल किया गया था, वह फोन करीब तीन महीने पहले चोरी हुआ था।
इसी चोरी के मोबाइल से अशोक नामक युवक ने बीजेपी सांसद डॉ. संजय जयसवाल को फोन कर 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य साथी की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।
क्या है मामला?
23 अक्टूबर को दोपहर 12:40 बजे, दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बेतिया सांसद डॉ. संजय जयसवाल को फोन कर अपराधियों ने 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी नहीं देने पर उन्होंने सांसद के पुत्र डॉ. शिवम जयसवाल को जान से मारने की धमकी दी थी।
यह भी पढ़ेंः भागलपुर: डीएम और एसएसपी ने छठ घाटों का किया नाव से निरीक्षण
घटना के बाद बीजेपी सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने नगर थाना, बेतिया में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू की। जांच के क्रम में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समेत दो को गिरफ्तार कर मामले का सफल अनावरण कर लिया।



