नालंदा। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह ने नालंदा के अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी की उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट की वकील लता सिंह के मैदान में उतरने से इस बार अस्थावां सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि यह क्षेत्र मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा का हिस्सा है और यहां से जेडीयू का दबदबा रहा है। नामांकन दाखिल करने के लिए लता सिंह बिहार शरीफ अनुमंडल कार्यालय पहुंचीं, जहां जन सुराज पार्टी के भारी संख्या में समर्थक मौजूद थे। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
“जनता बदलाव के मूड में है”
नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए लता सिंह ने दावा किया कि इस बार अस्थावां की जनता बदलाव के मूड में है और जन सुराज पार्टी को समर्थन दे रही है। यही कारण है कि सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष नामांकन में शामिल हुए। लता सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी शिक्षा, बेरोजगारी और पलायन जैसे बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है, और सत्ता में आने पर इनमें सुधार लाएगी।
आरसीपी सिंह की राजनीतिक विरासत
आरसीपी सिंह, जो पहले जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके हैं, ने पार्टी से बगावत के बाद अपनी राजनीतिक पार्टी (आसा – आप सबकी आवाज़) बनाई थी, जिसका बाद में प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान में विलय हो गया। इसके बाद, उन्होंने अपनी राजनीतिक विरासत संभालते हुए छोटी बेटी लता सिंह को जन सुराज पार्टी से अस्थावां विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। लता सिंह अब दिल्ली छोड़कर अपने पैतृक घर मुस्तफापुर (अस्थावां) में रहकर लगातार जनता के बीच जन सुराज की विचारधारा को पहुंचा रही हैं।
यह भी पढ़ेंः राघोपुर में सियासी संग्राम शुरू!, राबड़ी को हराने वाले सतीश यादव अब तेजस्वी के सामने
अस्थावां में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
अस्थावां विधानसभा क्षेत्र से मौजूदा विधायक और जेडीयू के उम्मीदवार डॉ. जितेंद्र कुमार छठी बार मैदान में हैं। परंपरागत रूप से इस सीट पर जेडीयू और आरजेडी के बीच टक्कर होती रही है। हालांकि, आरजेडी द्वारा प्रत्याशी बदले जाने और अब आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह के जन सुराज से ताल ठोकने के बाद, अस्थावां में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या लता सिंह अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए नीतीश कुमार के गढ़ में सेंध लगा पाएंगी।



