ग्रीन पटाखों से सजेगी दिल्ली की दीपावली, संस्कृति और पर्यावरण का रहेगा समन्वय

दीपावली पर सर्वोच्च न्यायालय का संतुलित फैसला, सीएम रेखा गुप्ता ने जताया आभार। कहा यह फैसला परंपरा, पर्यावरण और जनभावनाओं का सम्मान है।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिल्ली-एनसीआर में ग्रीन पटाखों के सीमित उपयोग की अनुमति देने पर हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश की सांस्कृतिक संवेदनाओं और जनभावनाओं को समझने वाला कदम है, जो परंपरा और पर्यावरण संरक्षण दोनों के बीच सुंदर संतुलन स्थापित करता है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दीपावली भारतीय संस्कृति में प्रकाश, ज्ञान और शुभता का प्रतीक पर्व है। यह केवल दीप जलाने का उत्सव नहीं, बल्कि हमारे सामाजिक और पारिवारिक जीवन में उल्लास, एकता और आशा का प्रतीक है। इस पर्व के साथ जुड़ी आतिशबाजी सदियों से लोगों की भावनाओं और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का हिस्सा रही है। सर्वोच्च न्यायालय का यह निर्णय उन भावनाओं का सम्मान करता है, साथ ही पर्यावरणीय जिम्मेदारी को भी मजबूती देता है। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिल्ली सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय से विशेष आग्रह किया था कि राजधानी में ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति दी जाए, ताकि दीपावली की परंपरा का सम्मान बना रहे और पर्यावरण की रक्षा भी हो सके। माननीय न्यायालय ने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जो निर्णय दिया है, उसके लिए वह दिल्ली की जनता की ओर से आभार व्यक्त करती हैं।

दिल्ली सरकार हरित और स्वच्छ दिल्ली के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार हरित और स्वच्छ दिल्ली के संकल्प के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य है कि त्योहारों की रौनक बनी रहे, लेकिन प्रदूषण पर भी नियंत्रण रहे। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि इस दीपावली केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों का ही प्रयोग करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि उत्सव की खुशी के साथ वायु गुणवत्ता भी सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि यह फैसला परंपराओं और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सालों बाद दिल्लीवासी दीपावली पर अधिकृत रूप से पटाखे चला पाएंगे, जिससे न केवल जनभावनाओं का सम्मान हुआ है बल्कि पर्यावरण के संरक्षण के प्रति भी जिम्मेदारी का संदेश गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते वर्षों की तुलना में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार दर्ज किया गया है और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वायु गुणवत्ता, यातायात और निगरानी से जुड़े सभी तंत्रों को सक्रिय रखेगी, ताकि दीपावली के दौरान स्वच्छ वातावरण बना रहे।

सर्वोच्च न्यायालय फैसला देश के लिए एक सकारात्मक संदेश है

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की अनुमति न केवल दिल्लीवासियों के लिए राहत का विषय है, बल्कि यह पूरे देश के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि विकास, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस दीपावली को ग्रीन और गौरवमयी बनाएंगे। यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना और जिम्मेदारी का प्रतीक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस निर्णय ने हर घर में खुशियां लौटाई हैं और पर्यावरण के प्रति सजगता का नया अध्याय भी खोला है। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि उत्सव की चमक में प्रकृति की शांति को भी स्थान दें और एक हरित एवं खुशहाल दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनें।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.