पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने हिस्से की सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा पूरी कर ली है। शनिवार को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चली मैराथन बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महासचिव बीएल संतोष सहित बिहार के कोर ग्रुप के नेता मौजूद रहे। आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने 113 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार की है, हालांकि, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ सीट बंटवारे के तहत पार्टी लगभग 102 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। कुछ सीटों पर सहयोगी दलों के साथ अदला-बदली की संभावना को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सीटों पर भी नाम तय किए गए हैं।
80% मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा ने अपने 80 फीसदी से अधिक मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट देने का फैसला किया है। शेष सीटों पर नए चेहरों को मौका देने की योजना है। हालांकि, पार्टी के आंतरिक सर्वे और फीडबैक में सत्ता विरोधी लहर को कम करने के लिए अधिक नए चेहरों को मैदान में उतारने और आधे विधायकों को बदलने का सुझाव आया था। इसके बावजूद, पार्टी ने ज्यादातर मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ेंः महागठबंधन में दरार! कांग्रेस का अल्टीमेटम, मुकेश साहनी बदल सकते हैं पाला
पहले चरण का नामांकन 17 अक्टूबर तक
बिहार में पहले चरण की 121 सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 17 अक्टूबर तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकते हैं। राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों पर 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।



