जहानाबाद: बिहार विधानसभा चुनाव में धर्मगुरुओं का भी प्रवेश हुआ है। गौ संकल्प यात्रा पर निकले जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शनिवार को जहानाबाद व अरवल पहुंचे। यहां उन्होंने सूबे के सभी 243 विधानसभा सीटों पर निर्दलीय गौ भक्त प्रत्याशी उतारने का ऐलान कर सनातनी राजनीति का शंखनाद किया।
गौ रक्षा का प्रण लेने वाले को मिलेगा संगठन पूरा समर्थन
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो प्रत्याशी गौ रक्षा का सार्वजनिक प्रण लेंगे, उनको संगठन की ओर से संपूर्ण समर्थन दिया जाएगा। वे गौ भक्तों का चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता का संरक्षण करेंगे। गौ रक्षा हमारी आस्था का विषय ही नहीं, बल्कि यह हमारे समाज और संस्कृति की भी आधारशिला है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल उन्हीं प्रत्याशियों को वोट दें, जो गौ रक्षा को लेकर स्पष्ट और दृढ़ संकल्पित हों।
भाजपा कांग्रेस पर हमला
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने भाजपा व कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि गौ माता राष्ट्र की आत्मा हैं। सरकार द्वारा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किया जाना चाहिए, जो नेता गाय की रक्षा नहीं कर सकते, वे देश की रक्षा कैसे करेंगे? भाजपा केवल गौ माता के नाम पर वोट बटोरती है, वास्तव में न तो गौशाला की स्थिति सुधरी, न ही गायों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है। शंकराचार्य ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी कटाक्ष कर कहा कि योगी स्वयं को एक गौरक्षक छवि के नेता मानते हैं, पर खुद योगी जी के विधायक स्वीकार कर चुके हैं कि यूपी में रोजाना बड़ी संख्या में गायों का कत्ल किया जा रहा है। यह कैसा गौ प्रेम है?
राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर तंज
कांग्रेस सांसद हुल गांधी की विदेश यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें बिहार की बिल्कुल चिंता नहीं है। जब बिहार में चुनाव है तो वह विदेश यात्रा में छुट्टी मना रहे हैं। जहानाबाद व अरवल पहुंचने पर लोगों ने जगद्गुरु शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया।



