पूर्व जस्टिस संजीव खन्ना ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों के रवैये पर जताई चिंता

पूर्व सीजेआई संजीव खन्ना ने कहा कि हर वित्तीय गलती को व्हाइट-कॉलर अपराध नहीं माना जा सकता। उन्होंने बताया कि व्हाइट-कॉलर अपराध गैर-हिंसक होते हैं और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इन्हें निजी या संगठन के लाभ के लिए करते हैं।

Share This Article:

नई दिल्ली: पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव खन्ना ने शनिवार को कहा कि लोगों में यह धारणा गहराई से बैठ गई है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां मदद करने की बजाय उत्पीड़न के लिए हैं। इसी भय के कारण लोग उनके पास नहीं जाते, और साइबर अपराधी इसी स्थिति का फायदा उठाकर लोगों को डिजिटल रूप से परेशान करते हैं। उन्होंने कहा, “न्याय पाने की जगह, कई लोग डर के कारण अपराधियों को पैसे दे देते हैं। अब समय आ गया है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां अधिक सहज और जनसुलभ बनें तथा लोगों में जागरूकता बढ़े। यह दोतरफा प्रक्रिया ही इस समस्या का समाधान दे सकती है। जस्टिस संजीव खन्ना तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम (TPF) द्वारा भारत मंडपम, नई दिल्ली में नेशनल लीगल कॉन्फ्रेंस ऑन कॉम्बैटिंग व्हाइट कॉलर क्राइम” को संबोधित कर रहे थे।

व्हाइट कॉलर क्राइम विकसित होता खतरा

जस्टिस संजीव खन्ना ने व्हाइट कॉलर क्राइम (सफेदपोश अपराध) को “समाज की नैतिक संरचना को खोखला करने वाला विकसित होता खतरा” बताया और वित्तीय कानूनों को लागू करते समय अधिक संवेदनशीलता की जरूरत बताई। हर वह काम या चूक, जिसका वित्तीय असर पड़ता है, उसे एक ही नजर से नहीं देखा जा सकता। कानून निर्माताओं को यह फर्क समझना होगा कि कौन-सा कार्य जानबूझकर किया गया धोखा है, कौन सी अनजाने में हुई गलती है, और कौन सी प्रक्रियात्मक चूक। उन्होंने यह भी कहा कि “न्याय व्यवस्था की ताकत सजा की कठोरता में नहीं, बल्कि न्याय की सुनिश्चितता में निहित है।”

क्या है व्हाइट कॉलर क्राइम है

इस मौके पर डॉ. पूनम खेत्रपाल (सेवानिवृत्त आईएएस), जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक (एमेरिटस) हैं, ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में व्हाइट कॉलर क्राइम केवल धन से जुड़ा नहीं है, यह जीवन और विश्वास से जुड़ा है। जब जानबूझकर निम्न गुणवत्ता की देखभाल दी जाती है, जब गरीबों को अधिकार होने के बावजूद इलाज से वंचित किया जाता है और जब अधिक लाभ के लिए सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है, तो यह लापरवाही नहीं, बल्कि व्हाइट कॉलर क्राइम है।

डॉ. खेत्रपाल ने एक वैश्विक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि दुनिया भर में हर साल 8.6 मिलियन (86 लाख) लोग खराब स्वास्थ्य सेवाओं के कारण समय से पहले मर जाते हैं, जिनमें से 1.6 मिलियन (16 लाख) मौतें भारत में होती हैं। उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए “मजबूत फोरेंसिक ऑडिटिंग, स्वास्थ्य परिणामों की ट्रैकिंग, नियामक प्रदर्शन संकेतक और न्यायिक निगरानी” की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि “बोर्डरूम से लेकर अप्रूवल डेस्क तक, पैसे के प्रवाह के साथ-साथ जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।”

अब चोरी डिजिटल हो गई है

कॉन्फ्रेंस में आर्थिक दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ आशीष कुमार चौहान ने कहा कि जैसे-जैसे समाज समृद्ध होता है, “अपराध और अधिक ‘सफेदपोश’ होते जाते हैं।” उन्होंने एक वरिष्ठ न्यायाधीश का हवाला देते हुए बताया कि बीते दो दशकों में हिंसक और आर्थिक अपराधों का अनुपात पूरी तरह उलट गया है। पहले जहां 80 प्रतिशत अपराध शारीरिक थे, अब 80 प्रतिशत वित्तीय या साइबर अपराध हैं। आशीष कुमार ने कहा, “आज पैसा जेब से नहीं, सिस्टम से चोरी होता है। यूपीआई ने नकद लेन-देन लगभग खत्म कर दिया है, लेकिन भ्रष्टाचार नहीं। अब चोरी डिजिटल हो गई है।”

टीपीएफ के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार नाहटा ने कहा, “व्हाइट कॉलर क्राइम पीड़ितविहीन अपराध नहीं है। हर घोटाला हमारे अवसर छीन लेता है, हर धोखाधड़ी हमारे विकास को धीमा करती है।” उन्होंने पेशेवर वर्ग से आह्वान किया कि “अब समय है कि हम सामूहिक व्हिसलब्लोअर, नैतिकता के संरक्षक और राष्ट्र की नैतिक संपदा के रक्षक बनें।”

व्हाइट कॉलर क्राइम शासन को भी चुनौती देता है

कॉन्फ्रेंस के समापन के अवसर पर एक साझा संदेश गूंजा — भारत का विकास तब तक अधूरा रहेगा, जब तक संस्थाओं में जनता का विश्वास और नैतिकता बहाल नहीं होती। जस्टिस खन्ना ने कहा, व्हाइट कॉलर क्राइम “केवल कानून की सीमाओं को नहीं, बल्कि शासन की आत्मा को भी चुनौती देता है।”

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.