प्रयागराज: डी.एस.एन. बसु पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहादुरगंज में दीपावली से पूर्व बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखरने की मंशा से 200 बच्चों को नि:शुल्क यूनिफार्म वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि बच्चों को यह तोहफा निश्चय: ही अच्छा लगेगा। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मबल और प्रोत्साहन का संचार करते हैं। यह वितरण कार्यक्रम स्वाती फाउंडेशन ने कराया था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की ऊर्जावान, प्रगतिशील एवं शिक्षण कार्य में समर्पित प्रधानाध्यापिका डॉ. अर्चना सिंह ने की। उन्होंने कहा कि ये बच्चे ही हमारे लिए जिंदगी हैं। जब उनके चेहरे पर खुशी देखती हूं तो खुद को प्रसन्नता होती है। यह आत्म संतुष्टि ही जीवन का आधार है। डाक्टर अर्चना ने अपने प्रभावशाली नेतृत्व और मार्गदर्शन में पूरे आयोजन को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।
प्रधानाध्यापक डॉ. अर्चना सिंह ने कहा “शिक्षा केवल ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्कारों के विकास की आधारशिला है। हमारा लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी को आत्मनिर्भर, संवेदनशील और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना है।”
विशिष्ट अतिथि के रूप में आनंद कुमार जायसवाल, जिलाध्यक्ष, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, महानगर प्रयागराज पधारे और बच्चों को यूनिफॉर्म वितरित कर आशीर्वाद दिया। विद्यालय के प्रबंधक राजेन्द्र कुमार मिश्रा जी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय निरंतर शैक्षणिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम में अन्य विशिष्ट अतिथियों में नागेन्द्र प्रसाद पांडेय, दिनेश प्रसाद तिवारी, श्रीमती जाग्रति पांडेय, पुष्पलता सिंह, पारस लाल जायसवाल, सुनील वैश्य, राकेश कौशिक, आनन्द मिश्रा, अजय यादव एवं रामानन्द त्रिपाठी उपस्थित रहे।




