एसएमएमई उद्यमियों को बिना गिरवी ऋण की सुविधा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया यह कदम दिल्ली की आर्थिक प्रगति में जोड़ेगा नया अध्याय, बैंकों का जोखिम घटेगा, हजारों उद्यमियों को ऋण प्राप्त करने में मिलेगी मदद

Share This Article:

नई दिल्ली: सूक्ष्म और लघु उद्यमों (Micro and Small Enterprises- MSEs) को सशक्त बनाने के लिए दिल्ली सरकार और क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट फॉर माइक्रो एंड स्मॉल एंटरप्राइजेज (CGTMSE) के बीच सहयोग की मंजूरी दी गई है। इस साझेदारी का उद्देश्य छोटे उद्यमियों को कुछ भी गिरवी रखे बिना ऋण प्राप्त करने में मदद देना और बैंकों का जोखिम कम करके उन्हें अधिक ऋण देने के लिए प्रोत्साहित करना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यह साझेदारी दिल्ली के आर्थिक विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगी। इससे हजारों उद्यमियों को कर्ज प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

95 प्रतिशत तक की गारंटी कवरेज

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस योजना के तहत छोटे उद्यमियों को बिना किसी संपत्ति की गिरवी के ऋण प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। इस योजना में ऋण गारंटी का प्रावधान दिल्ली सरकार और सीजीटीएमएसई के बीच साझा रूप से किया गया है। प्रस्तावित गारंटी संरचना के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के उधारकर्ताओं को अधिकतम 95 प्रतिशत तक की गारंटी कवरेज प्रदान की जाएगी। अब लघु उद्यमों के लिए 0 से 10 करोड़ रुपये तक के ऋण पर 75 प्रतिशत कवरेज सीजीटीएमएसई द्वारा और 20 प्रतिशत की कवरेज दिल्ली सरकार द्वारा दी जाएगी। महिला उद्यमियों और अग्निवीरों द्वारा प्रोत्साहित एमएसई के लिए 0 से 10 करोड़ रुपये तक के ऋण पर 90 प्रतिशत कवरेज सीजीटीएमएसई द्वारा और 5 प्रतिशत दिल्ली सरकार द्वारा दी जाएगी। अब माइक्रो श्रेणी के अंतर्गत 0 से 5 लाख रुपये तक के ऋण पर 85 प्रतिशत कवरेज सीजीटीएमएसई द्वारा और 10 प्रतिशत कवरेज दिल्ली सरकार द्वारा दी जाएगी। इसके अलावा पांच लाख रुपये से 10 करोड़ रुपये तक के ऋण पर 75 प्रतिशत कवरेज सीजीटीएमएसई द्वारा और 20 प्रतिशत दिल्ली सरकार द्वारा दी जाएगी। इस तरह सभी पर कुल कवरेज 95 प्रतिशत हो जाएगी।

योजना में निर्माण, सेवाएं, खुदरा और शिक्षा क्षेत्र

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस निर्णय की पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि सीजीटीएमएसई की स्थापना वर्ष 2000 में केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय तथा भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी – SIDBI) द्वारा की गई थी। यह संस्था छोटे उद्यमों को बिना कुछ गिरवी रखे कर्ज दिलाने के लिए बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को गारंटी प्रदान करती है। वर्तमान में सीजीटीएमएसई देशभर में 276 सदस्य ऋण संस्थानों के साथ कार्य कर रही है। इसका कुल गारंटी पोर्टफोलियो 9.34 लाख करोड़ रुपये से अधिक का है। वित्त वर्ष 2025 में ही इस संस्था ने 27 लाख ऋण खातों की गारंटी जारी की हैं, जिनकी कुल राशि 3.05 लाख करोड़ रुपये रही। इस योजना के अंतर्गत निर्माण, सेवाएं, खुदरा और शिक्षा जैसे क्षेत्र सम्मिलित हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि इस योजना के लिए वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त इस योजना के तहत कुल 50 करोड़ रुपये की राशि चरणबद्ध रूप से सीजीटीएमएसई के साथ जोड़े जाने की भी संभावना है।

रोजगार के अवसर बढ़ेंगे

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार की यह पहल न केवल सूक्ष्म और लघु उद्यमों को सशक्त बनाएगी, बल्कि शहर के आर्थिक ढांचे को भी मजबूती प्रदान करेगी। इससे उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। सरकार का उद्देश्य है कि छोटे व्यवसायियों को वित्तीय सहयोग मिल सके और वे बिना किसी बाधा के अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा सूक्ष्म और लघु उद्यम ऋण पर 95 प्रतिशत तक की उन्नत गारंटी कवरेज के लिए सीजीटीएमएसई के साथ इस सहयोग से दिल्ली के एमएसएमई क्षेत्र में ऋण प्रवाह को बढ़ावा मिलेगा। इसके परिणामस्वरूप रोजगार सृजन, नवाचार और आर्थिक लचीलापन को बल मिलेगा। साथ ही, नए उद्यमों तथा महिला उद्यमियों को विशेष रूप से लाभ और सहयोग मिलने की उम्मीद है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.