नई दिल्ली: जयपुर और अजमेर हाईवे पर मंगलवार रात 10 बजे बड़ा हादसा हुआ है। LPG गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में एक केमिकल टैंकर ने जबरदस्त टक्कर मार दी। केमिकल से भरे टैंकर के केबिन में आग लग गई। इस वजह से सिलेंडरों में ब्लास्ट हो गया। एक-एक करके 200 सिलेंडर फट गए। कुछ सिलेंडर कुछ दूर खेतों में जाकर गिर गए। तेज धमाकों की आवाज 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। लगातार 2 घंटे तक सिलेंडर ब्लास्ट होते रहे।
टैंकर ड्राइवर की मौत
इस हादसे में टैंकर ड्राइवर रामराज मीणा की मौत हो गई। वह जिन्दा जल गया। फायर बिग्रेड की 12 गाड़ियों में मिलकर 3 घंटे बाद आग पर आगू पाया। बताया जाता है कि ट्रक में 330 सिलेंडर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरटीओ की गाड़ी को देखकर टैंकर चालक ने गाड़ी को ढाबे की ओर मोड़ दिया और गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से टकरा गया।
रोका गया ट्रैफिक
यह हादसा जयपुर के दूदू मोखमपुरा के पास हुआ है। वहां मौजूद 5 अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद हाईवे पर दोनों तरफ से ट्रैफिक रोक दिया गया, जिसे फिर बुधवार को सुबह 4.30 बजे खोला गया। हादसे के बाद से राहत कार्य जारी है। सड़क पर जलीं गाड़ियों के मलबे को हटाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: चुनाव की घोषणा के बाद तेजस्वी यादव की पहली सभा आज
डिप्टी सीएम का क्षेत्र
इधर NHAI इस हादसे की रिपोर्ट तैयार करेगा। इसके पीछे के कारणों और लापरवाही का जिक्र रिपोर्ट में दर्ज किया जाएगा। यह हादसा जहां हुआ है, वह राजस्थान के डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा का विधानसभा क्षेत्र है। जयपुर-अजमेर हाईवे पर दूदू एक बड़ा क़स्बा है लेकिन इसके बाद भी वहां दमकल नहीं था। आग लगने के बाद दूसरी जगहों से फायर बिग्रेड की टीम को बुलानी पड़ी।



