नई दिल्ली: बिहार की नीतीश सरकार ने दिवाली-छठ से पहले राज्यकर्मियों और पेंशनभोगियों का DA 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। अब उन्हें 55 फीसदी की जगह पर 58% महंगाई भत्ता मिलेगा। यह 1 जुलाई 2025 से बढ़कर मिलेगा। राज्य के 10 लाख कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा।
छात्रवृति राशि दोगुनी
इसके अलावा एक और बड़ा फैसला सरकार ने छात्रों के लिए किया है। इसके तहत अब कक्षा 1 से 4 तक के बच्चों की सालाना छात्रवृति राशि 600 रुपया से बढ़ाकर 1200 कर दिया है। कक्षा 5 और 6 के बच्चों की छात्रवृत्ति राशि 1200 से बढ़कर अब 2400 रुपए कर दिया गया है। कक्षा 7 से 10 के बच्चों को अब सालाना 1800 रुपए के बदले 3600 रुपया मिलेगा। सरकार छात्रवृति पर 300 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
तेलहन को मिलेगा बढ़ावा
शुक्रवार को हुई नीतीश कैबिनेट की बैठक में कुल 129 एजेंडों पर मुहर लगी। तेलहन फसलों की खेती को बढ़ाने के लिए सरकार साल 2025-2026 में 25.85 करोड़ रुपये खर्च करेगी। रबी सीजन में मसूर की खेती का विस्तार करने के लिए 95.85 करोड़ रुपये के व्यय को मंजूरी दी गई है। उन्नत गेहूं के बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री कृषि विकास योजना के तहत 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: ईबीसी को साधने की जंग, जातीय बिखराव एनडीए का बिगाड़ सकता है खेल!
इनकी बढ़ी सैलरी
इसके अलावा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (ईआरएसएस) परियोजना में कार्यरत आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों (ईआरवी) के लिए सेवानिवृत्त सेना चालकों की भर्ती करने वाली एजेंसी एडब्ल्यूपीओ का मासिक मानदेय 25,750 रुपये से बढ़ाकर 30,000 रुपये कर दिया गया है।



