नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। भाजपा के दिल्ली प्रदेश संगठन के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। जनसंघ काल से लेकर अब तक किराये के भवनों में अपनी गतिविधियां संचालित करने वाली दिल्ली भाजपा को आखिरकार पं. दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर अपना स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रदेश कार्यालय मिल गया है।
जनसंघ से भाजपा तक का सफर
दिल्ली में जनसंघ का इतिहास 1975 से पहले पुरानी दिल्ली के नया बाजार में एक किराये के भवन से शुरू हुआ था। उस समय कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ने जनसंघ को दिल्ली में मजबूत आधार दिया। 1975 में कार्यालय को अजमेरी गेट चौक के एक किराये के भवन की दूसरी मंजिल पर शिफ्ट किया गया। उसी साल सदर बाजार और कृष्णा नगर में भी जिला कार्यालय खोले गए लेकिन आपातकाल के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इन सभी कार्यालयों को सील कर दिया।

साल 1977 में जनता पार्टी के सत्ता में आने के बाद कार्यालयों की सील खुली, लेकिन जनसंघ की गतिविधियां जनता पार्टी में विलय के कारण रुक गईं। 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के साथ दिल्ली में नए सिरे से संगठनात्मक गतिविधियां शुरू हुईं। प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा पहले प्रदेश अध्यक्ष बने, और अजमेरी गेट पर ही कांग्रेस (ओ) का पुराना कार्यालय भाजपा का प्रदेश कार्यालय बन गया। हालांकि, यह कार्यालय भी किराये का था और पार्किंग की समस्या से जूझता रहा।
14 पंत मार्ग: 35 साल का अस्थायी ठिकाना
1989 में लोकसभा चुनाव में मदनलाल खुराना के सांसद बनने के बाद उन्हें 14 पंत मार्ग पर बंगला आवंटित हुआ। खुराना ने अपने निजी निवास कीर्ति नगर में रहना जारी रखा और इस बंगले को दिल्ली भाजपा का प्रदेश कार्यालय बना दिया गया। 1993 में खुराना के दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह बंगला प्रो. ओमप्रकाश कोहली को आवंटित हुआ, और तब से लेकर 2022 तक यह कार्यालय भाजपा का मुख्य केंद्र रहा। इस दौरान कई बार अपना कार्यालय बनाने की कोशिशें हुईं, लेकिन भूमि आवंटन और अन्य समस्याओं के कारण यह संभव नहीं हो पाया।
यह भी पढ़ें- मोदी जी पर बनी शॉर्ट फिल्म “चलो जीते हैं” का छात्रों ने किया अवलोकन
भाजपा के वर्तमान केंद्रीय नेतृत्व की हर प्रदेश और जिले में स्थायी कार्यालय बनाने की नीति के तहत 2022-23 में दिल्ली में भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई। 2023 में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर नए कार्यालय का भूमि पूजन किया। लगभग दो वर्ष के निर्माण कार्य के बाद यह आधुनिक कार्यालय तैयार हुआ, जो न केवल संगठन की जरूरतों को पूरा करेगा, बल्कि कार्यकर्ताओं की लंबे समय से चली आ रही आकांक्षा को भी साकार करता है। दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए यह कार्यालय केवल एक इमारत नहीं, बल्कि उनके 45 साल के संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है।



