पटना: बिहार विधानसभा चुनावी सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने ऑनलाइन माध्यम से जुड़े कार्यक्रम में राज्य की 75 लाख जीविका दीदी के बैंक खाते में सीधे ₹10,000 की सहायता राशि ट्रांसफर की। इस योजना के तहत कुल ₹7,300 करोड़ का वितरण किया गया है।
बिहार की माताओं-बहनों और बेटियों के कल्याण के लिए डबल इंजन सरकार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। https://t.co/pntJaWKPRm
— Narendra Modi (@narendramodi) September 26, 2025
स्वरोजगार के लिए मदद
इस योजना के तहत हर परिवार की एक महिला को स्वरोजगार के लिए ₹10,000 की सहायता राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने पहले ही सभी जिलों के डीएम को निर्देश दिए थे कि जीविका दीदी इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़ें। अब तक 1 करोड़ 98 लाख से अधिक जीविका दीदी आवेदन कर चुकी हैं।

पीएम मोदी ने महिलाओं को संबोधित किया
महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा:-
"अगर जनधन योजना के तहत 30 करोड़ से ज्यादा बहनों-माताओं के खाते न खुले होते, तो आज इतना बड़ा पैसा सीधे आप तक नहीं पहुँच पाता। पहले योजनाओं का पैसा आप तक पहुँचने से पहले ही लूट लिया जाता था, अब हर पैसा सीधे आपके खाते में जा रहा है। कोई आपका हक़ मार नहीं सकता।"
पीएम ने आगे कहा:
"आज बिहार की बेटियाँ पुलिस और सेना में जा रही हैं, लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं। एक समय था जब बिहार में अराजकता हावी थी, सड़क-पुल-पुलिया का नाम तक नहीं था। उस दौर में सबसे ज्यादा तकलीफ़ महिलाओं को हुई। लेकिन नीतीश जी के नेतृत्व में कानून का राज लौटा है और आज महिलाएँ बेखौफ होकर घर से निकल रही हैं।"
यह भी पढ़ें- कांग्रेस को कम सीटें मिलने का डर!, इसीलिए बढ़ी सक्रियता
“दो भाई हैं आपके साथ – मोदी और नीतीश”
मोदी ने भावुक अंदाज में कहा:-
“एक भाई तभी खुश होता है जब उसकी बहन खुश और सुरक्षित रहे। आज आपके दो भाई हैं – नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार – जो आपकी खुशहाली और सम्मान के लिए काम कर रहे हैं।”
जब पीएम मोदी मुस्कुराए
कार्यक्रम के दौरान भोजपुर की रीता देवी, जो जीविका दीदी हैं, ने मंच से बताया कि किस तरह उन्हें मिली राशि से उन्होंने अपना छोटा कारोबार शुरू किया और आगे बढ़ रही हैं। रीता देवी की बात सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराते रहे और उनकी तारीफ भी की।



