भागलपुर: नवरात्रि और दुर्गा पूजा के मौके पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने अपनी अद्भुत कलाकारी से एक और नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने मात्र 3 सेमी के पीपल के हरे पत्ते पर मां दुर्गा की शेर पर सवार दिव्य आकृति उकेरी है। इस कलाकृति पर “हैप्पी दुर्गा पूजा” और “जीएसटी बचत उत्सव” संदेश भी लिखा गया है।

5 घंटे में बनी दिव्य कलाकृति
मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि इस कलाकृति को बनाने में उन्हें करीब पांच घंटे का समय लगा। इसमें मां दुर्गा को शेर पर सवार दिखाते हुए देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने और बचत को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया है।
विश्व शांति के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना
मधुरेंद्र कुमार, जिन्हें भारत गौरव सम्मान भी मिल चुका है, ने कहा –
“हम अपनी पत्ता कला के जरिए मां दुर्गा से विश्व शांति और भारत की समृद्धि की प्रार्थना करते हैं। हमारी कला केवल सजावट नहीं, बल्कि समाज को संदेश देने का माध्यम है।”
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित कलाकार
मधुरेंद्र कुमार एक मशहूर सैंड और लीफ आर्टिस्ट हैं। उन्होंने अब तक एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेत मूर्तिकला चैंपियनशिप और समारोहों में भाग लेकर देश को सम्मान दिलाया है। उनकी कला हमेशा सामाजिक और वैश्विक मुद्दों पर केंद्रित रही है – जैसे एचआईवी/एड्स, कोविड-19, ग्लोबल वार्मिंग, आतंकवाद, प्लास्टिक प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण।
ये भी पढ़ें- DELHI-NCR में H3N2 फ्लू का प्रकोप: तेजी से बढ़ रहे है मामले
पहले भी रच चुके हैं इतिहास
मधुरेंद्र कुमार अब तक 5,000 से अधिक सूक्ष्म और बारीक कलाकृतियां बना चुके हैं। हाल ही में उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्ता पर चित्र बनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं। नेपाल की अंतरिम प्रथम महिला प्रधानमंत्री सुशीला कार्की का पत्ता पर चित्र उकेरकर शांति का संदेश दिया था।



