नई दिल्ली: दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) लंबे अर्से बाद एक बार फिर शनिवार से इंटरस्टेट बस सर्विस शुरू करने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित सेवा पखवाड़े के बीच दिल्ली सरकार इस नई बस सर्विस का तोहफा देने जा रही है। डीटीसी सबसे पहले दिल्ली बड़ौत के रूट पर सर्विस शुरू कर रही है। बाद में दिल्ली से सटे एनसीआर के अन्य शहरों के लिए भी इस तरह की बसें चलेंगी।
ये जानकारी देते हुए दिल्ली के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली बड़ौत के बीच शुरू होने वाली इस सर्विस में एसी बसें चलेंगी। ये बसें महाराणा प्रताप बस अड्डे सेचलेंगी और यूपी के बड़ौत बस अड्डे तक जाएंगी। इससे उन यात्रियों को फायदा होगा, जिन्हें रोजाना दिल्ली और बड़ौत के बीच आना जाना होता है।
गौरतलब है कि लगभग दो दशक पहले तक डीटीसी की इंटरस्टेट बस सर्विस की साख थी और उसे बेहद विश्वसनीय माना जाता था लेकिन लो फ्लोर बसें आने के बाद से ये सर्विस लगभग ठप हो गई। हालांकि बीच में स्टैंडर्ड फ्लोर बसें खरीदकर फिर से ये सर्विस शुरू करने की कोशिशें हुईं लेकिन वे सिरे नहीं चढ़ सकीं। अब ये सर्विस शुरू होने जा रही है।
किस रूट से जाएंगी ये बसें
दिल्ली बड़ौत के बीच इंटरस्टेट रूट की ये बसें महाराणा प्रताप बस अड्डे से चलकर खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टैंड, यूपी बॉर्डर, लोनी, मंडोला, खेखरा, काठा, बागपत, गौरीपुर, सरूनपुर और टयोढ़ी होते हुए बड़ौत तक पहुंचेंगी और इसी रूट से वापस आएंगी। डॉ. सिंह के मुताबिक ये बस सर्विस तड़के 4.50 बसे शुरू होगी। उसके बाद 5.20 और फिर 5.50 बजे बस बड़ौत के लिए जाएगी। इसी तरह वापसी में बड़ौत से ये बसें सुबह 7 बजे, 7.30 और फिर 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगी। इसी तरह से शाम को भी दिल्ली से बड़ौत के लिए 5 बजे से छह बजे तक हर आधे घंटे में बसें रवाना होंगी। बड़ौत से 7.30 से 8.30 के बीच तीन बसें दिल्ली के लिए चलेंगी।
कितना होगा किराया
60 किमी लंबे इस रूट पर डीटीसी ने न्यूनतम किराया 32 रुपये रखा है जबकि अधिकतम किराया 125 रुपये होगा। डॉ. सिंह ने बताया कि इस सर्विस के शुरू होने से दिल्ली एनसीआर के शहरों में आवागमन सरल होगा बल्कि इससे डीटीसी का घाटा भी कम होगा।
लगभग 60 किलोमीटर लंबे इस अंतरराज्यीय बस रूट के लिए दिल्ली सरकार ने सभी वर्गों के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए बेहद ही किफायती किराया निर्धारित किया है। इन एसी बसों का न्यूनतम किराया मात्र 32 रुपए रखा गया है, जबकि पूरे रूट का अधिकतम किराया केवल 125 रुपए निर्धारित किया गया है।
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने यह भी बताया कि जल्द ही कई दूसरे रूटों पर भी अंतरराज्यीय एसी बस सेवा शुरू की जाएंगी, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को आसपास के इलाकों के साथ पड़ोसी राज्यों से जोड़ेंगी। इन बस सेवाओं का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही सांस्कृतिक कनेक्टिविटी को मज़बूत करना है। एसी बसों का किराया इतना ही रखा जाएगा ताकि हर वर्ग के लोग इन बस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सके।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह नई अंतरराज्यीय एसी बस सेवा सिर्फ आवागमन सुधारने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह समुदायों को जोड़ने, आजीविका को बढ़ावा देने और हर वर्ग के लोगों को सुगम और सस्ती दरों पर बेहद आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने का माध्यम है। इन नई बस सेवाओं के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के साथ हम आर्थिक विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। हमारी सरकार का मकसद दिल्ली परिवहन निगम को घाटे से उबारकर लाभप्रद संस्था बनाने का लक्ष्य हासिल कर वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।



