ISSF World Cup: मेघना ने पहली बार पदक जीतकर रचा इतिहास

भारत की मेघना सज्जनार ने ISSF विश्व कप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर करियर का पहला बड़ा पदक हासिल किया।

Share This Article:

नई दिल्ली: भारत की युवा शूटर मेघना सज्जनार (Meghana Sajjanar) ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता। यह उनके करियर का पहला वर्ल्ड कप पदक है। इस उपलब्धि के साथ भारत ने मौजूदा सत्र के आखिरी आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल) (ISSF World Cup 2025) में पांचवें स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का समापन किया।

मेघना का दमदार प्रदर्शन

फाइनल मुकाबले में मेघना ने 230.0 का स्कोर बनाकर कांस्य अपने नाम किया। प्रतियोगिता में चीन की नई सनसनी पेंग शिनलू ने 255.3 अंक जुटाकर विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने अपनी हमवतन खिलाड़ी वांग जिफेई (254.8 अंक) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। नार्वे की जेनेट हेग डुएस्टैड को रजत पदक मिला।

मेघना ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी मजबूत प्रदर्शन किया था। उन्होंने 632.7 अंक बनाकर सातवां स्थान हासिल किया। वहीं, पेंग शिनलू ने 637.4 अंक के साथ टॉप किया। फाइनल में शुरुआती राउंड में मेघना पिछड़ गई थीं, लेकिन दूसरे दौर में बेहतरीन वापसी करते हुए कांस्य पर कब्जा जमाया।

ईशा सिंह ने दिलाया था भारत को स्वर्ण

इससे पहले शनिवार को भारत की शूटर ईशा सिंह (Esha Singh) ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश का खाता खोला था। उनकी इस जीत ने भारत को पदक तालिका में ऊपर लाने में अहम भूमिका निभाई।

कुल मिलाकर चीन ने तीन स्वर्ण जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि नार्वे दो स्वर्ण के साथ दूसरे नंबर पर रहा। भारत ने इस टूर्नामेंट को पांचवें स्थान पर खत्म किया।

अन्य भारतीयों का प्रदर्शन

भारत के किरण अंकुश जाधव ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन क्वालिफिकेशन राउंड में 590 अंक जुटाकर चौथा स्थान हासिल किया और फाइनल में पहुंचे। हालांकि, फाइनल में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। पहले नीलिंग और फिर प्रोन पोजीशन में खराब शुरुआत के चलते वे 40 शॉट्स के बाद 406.7 अंक लेकर आठवें स्थान पर रहे।

स्वप्निल कुसाले, जो पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुके हैं, इस बार प्रभावित नहीं कर पाए। उन्होंने 587 अंक के साथ कुल 21वां और पदक की दौड़ में 19वां स्थान पाया। बाबू सिंह पंवार 583 अंकों के साथ उनसे पीछे रहे।

महिलाओं की एयर राइफल स्पर्धा में ओलंपियन रमिता जिंदल ने 629.8 अंक जुटाए और कुल 22वें स्थान पर रहीं। वहीं, कशिका प्रधान ने 626.6 अंक बनाकर अपना अभियान समाप्त किया।

भारत का अभियान

भारत ने इस विश्व कप में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। जहां ईशा सिंह ने अपने सुनहरे प्रदर्शन से भारत का नाम रोशन किया, वहीं मेघना सज्जनार ने करियर का पहला पदक जीतकर देश की उम्मीदों को और मजबूत किया। हालांकि, कुछ दिग्गज शूटर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिससे भारत को अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने से चूकना पड़ा।

Usha Mehta

ushamehta0013@gmail.com

NewG India का सबसे युवा चेहरा, दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की। ग्रेजुएशन के बाद IGNOU और ABP न्यूज़ नेटवर्क जैसे संस्थानों में इंटर्नशिप की। सोशल और कॉमर्स विषयों की गहरी समझ हैं कलम के साथ आवाज में भी धार हैं। NewG India में बतौर कंटेंट डेवलपर व एंकर अपनी जिम्मेदारी उषा मेहता बखूबी निभा रही हैं ।

https://newgindia.com/author/usha/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.