नालंदा: राजगीर में खेले गए हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में मेजबान भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन कोरिया को 4-1 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले साल बेल्जियम में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के लिए एशिया कोटे से अपना टिकट पक्का कर लिया है।अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, राजगीर में खेले गए इस रोमांचक फाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक दीर्घा में मौजूद हजारों खेलप्रेमी झूम उठे।
भारतीय टीम ने शुरु से दबाव बनाया
मैच की शुरुआत ही भारत के पक्ष में रही। महज 30 सेकंड के अंदर सुखजीत सिंह ने रिवर्स स्वीप से फील्ड गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, 9वें मिनट में जुगराज सिंह पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में नहीं बदल सके, जिससे दर्शकों का उत्साह थोड़ा कम हुआ। दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने 28वें मिनट में फील्ड गोल कर टीम का दूसरा गोल दागा, जिससे पहले हाफ में भारत 2-0 से आगे हो गया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। 44वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने फिर रिवर्स स्वीप से तीसरा फील्ड गोल किया, जिससे स्कोर 3-0 हो गया। चौथे क्वार्टर के 48वें मिनट में अमित रोहिदास ने पेनाल्टी कॉर्नर पर चौथा गोल कर भारत को अजेय बढ़त दे दी। कोरिया की ओर से मात्र एक गोल 51वें मिनट में डेन सोन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर किया, लेकिन तब तक भारत की जीत पक्की हो चुकी थी।
स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था
बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर का अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था। भीड़ इतनी थी कि कई लोगों को बैठने की जगह भी नहीं मिली। दर्शक लगातार ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा’ जैसे नारों से स्टेडियम को गूंजा रहे थे। इस फाइनल मुकाबले को यादगार बनाने के लिए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खेल मंत्री सुंदर मेहता और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद थे। दर्शकों को उम्मीद थी कि राजगीर का स्टेडियम भारतीय टीम के लिए लकी साबित होगा, और ऐसा ही हुआ।
A glorious victory for India!
— Nitish Kumar (@NitishKumar) September 7, 2025
Heartiest congratulations to Team India on their spectacular victory over Korea in the Hero Asia Cup 2025, held at the State Sports Academy-cum-Bihar Sports University campus in Rajgir. This glorious win has once again made the nation proud.
The…
हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की उत्साहित
मैच जीतने के बाद खिलाड़ी और हॉकी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एचएफआई) के अध्यक्ष दिलीप तिर्की बेहद उत्साहित नजर आए। तिर्की ने कहा, वह पूरी भारतीय टीम को बधाई देते हैं। हमारा लक्ष्य हीरो एशिया कप जीतना था और यहां से डायरेक्ट वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करना था। हाल के दो सालों में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। यही वजह है कि हमने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया। कई फॉर्मेट में हम गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अब हमारे पास पर्याप्त समय है। हॉकी इंडिया की ओर से बिहार सरकार, राजगीर की जनता और बिहार के लोगों का धन्यवाद। बेल्जियम में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए टीम को कड़ी मेहनत की जरूरत है।
इसको भी पढ़ें: Asian Rugby Under-20: भारत की महिला टीम ने जीता कांस्य
एचएफआई खिलाड़ियों और सपोर्टिंग स्टाप को देगी इनाम
इस जीत पर हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को 3-3 लाख रुपये और सपोर्टिंग स्टाफ को 1.5 लाख रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए दिलप्रीत सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह जीत न केवल एशिया कप का खिताब दिलाई, बल्कि भारतीय हॉकी के उज्ज्वल भविष्य की भी नई उम्मीद जगाई।



