नालंदा: राजगीर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हीरो एशिया कप हॉकी 2025 का रोमांच अपने चरम पर है। शनिवार को सुपर 4 मुकाबले में मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 7-0 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब भारतीय टीम रविवार को डिफेंडिंग चैंपियन कोरिया के खिलाफ खिताबी जंग में उतरेगी, जहां जीतने वाली टीम बेल्जियम में होने वाले हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई करेगी। राजगीर के हॉकी स्टेडियम में भरी भीड़ ने भारत माता की जय और जीतेगा भाई जीतेगा, इंडिया जीतेगा के नारों से खिलाडिय़ों का जोश दोगुना कर दिया। बिहार और देश के कोने-कोने से आए प्रशंसकों ने बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ भारतीय टीम का जमकर समर्थन किया।
भारत का दमदार प्रदर्शन, चीन का सूपड़ा साफ
सुपर 4 के 9वें दिन के तीसरे मैच में भारतीय टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले हाफ में 3-0 की बढ़त बनाने के बाद, दूसरे हाफ में भारत ने चार और गोल दागकर चीन को पूरी तरह बेबस कर दिया। शिलानंद लकरा ने चौथे मिनट में फील्ड गोल के साथ खाता खोला, फिर दिलप्रीत सिंह (7वां मिनट) और मनदीप सिंह (18वां मिनट) ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। दूसरे हाफ में राज कुमार पाल (37वां मिनट), सुखजीत सिंह (38वां मिनट), और अभिषेक (45वां और 50वां मिनट) ने गोल की बरसात कर दी।
मैच के बाद मीडिया से बातचीत में जुगराज सिंह और मनदीप सिंह ने इस जीत को टूर्नामेंट की सबसे शानदार जीत करार दिया। मनदीप ने कहा, हमने पिछले मैचों की कमियों को सुधारा और आज हमारा प्रदर्शन लाजवाब रहा। फाइनल में भी हम इसी जोश के साथ उतरेंगे।
कोरिया ने मलेशिया को रोमांचक मुकाबले में हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में कोरिया ने मलेशिया को 4-3 से हराकर फाइनल में भारत के खिलाफ जगह बनाई। मलेशिया ने 9वें मिनट में फितरी सारी के फील्ड गोल से बढ़त बनाई, लेकिन कोरिया ने ह्येनहोंग ली (23वां मिनट) के पेनाल्टी कॉर्नर गोल से बराबरी की। मलेशिया ने फिर आयमेन रोजमी (दूसरा क्वार्टर) और कप्तान सईद चोलन (31वां मिनट) के गोल से 3-1 की बढ़त हासिल की। लेकिन कोरिया ने हार नहीं मानी। सियोंग ओह (44वां मिनट) और कप्तान जंगजुन ली (50वां मिनट) ने गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर किया, और फिर ह्येनयोंग किम ने निर्णायक गोल दागकर कोरिया को जीत दिलाई।
मलेशिया के कोच सृजित कुंदन ने हार के बाद अंपायरिंग पर सवाल उठाए। उन्होंने भारतीय अंपायर पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा, 16-यार्ड का फ्री हिट 25-यार्ड के बाहर से कैसे लिया जा सकता है। उसी से कोरिया ने गोल किया। इससे पहले चीन के खिलाफ भी हमारे दो गोल रद्द किए गए। ऐसी अंपायरिंग से एशियाई हॉकी का नुकसान होगा।
कजाखस्तान ने चीनी ताइपे को हराया
दिन के पहले मैच में कजाखस्तान ने चीनी ताइपे को 6-4 से हराकर पॉइंट टेबल में 7वां स्थान हासिल किया, जबकि चीनी ताइपे 8वें स्थान पर रहा। वहीं, रविवार को बांग्लादेश बनाम जापान के बीच 5वें और छठें स्थान के लिए आखिरी मैच खेला जाएगा।
इसको भी पढ़ें: बिहार की धरती पर अब हॉकी का महाकुंभ
फाइनल का इंतजार, स्टेडियम में उत्साह चरम पर
राजगीर का हॉकी स्टेडियम दर्शकों के जोश से गूंज रहा था। बिहार और देश के कोने-कोने से आए प्रशंसकों ने बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं के साथ भारतीय टीम का जमकर समर्थन किया। अब सभी की निगाहें रविवार के फाइनल पर टिकी हैं, जहां भारत और कोरिया के बीच कांटे की टक्कर होगी



