अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह ने निभाई ऐतिहासिक भूमिका : सीएम योगी

कल्याण सिंह का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा।

Share This Article:

अलीगढ़:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व सीएम स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिन्दू गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘बाबूजी’ (कल्याण सिंह) का पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीयता और जनता की सेवा को समर्पित रहा। उनकी विरासत ही आज यूपी के विकास की आधारशिला बनी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबूजी का जन्म अलीगढ़ जिले के एक छोटे से किसान परिवार में हुआ था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उन्हें बचपन में ही राष्ट्रीयता के संस्कार मिले। शिक्षक के रूप में और फिर भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने अपना जीवन भारत माता और भारतीयता के लिए समर्पित किया। आज उनकी पुण्यतिथि पर प्रदेश की जनता की ओर से, हर रामभक्त की ओर से और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वह उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते है।

आदर्शों की अमिट छाप छोड़ी

सीएम योगी ने कहा कि भारतीय राजनीति में बाबूजी को जो भी जिम्मेदारी मिली, उन्होंने अपने आदर्शों की अमिट छाप छोड़ी। 1977 में स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी। 1990 में जब प्रदेश की स्थिति बिगड़ी हुई थी, तब उन्होंने कानून का राज स्थापित कर सुशासन का लक्ष्य सामने रखा। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने विरासत और विकास की यात्रा को साथ-साथ आगे बढ़ाने का काम किया।

अयोध्या आंदोलन में निभाई ऐतिहासिक भूमिका

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस ने 1992 में अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार को बर्खास्त किया था। उस कठिन समय में उन्होंने बिना देर किए राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपने पद का बलिदान दिया। सीएम योगी ने कहा कि जब विवादित ढांचा गिरा, तब कल्याण सिंह जी ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने कहा कि किसी रामभक्त को आंच नहीं आनी चाहिए। उन्होंने साहस दिखाकर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।

प्रदेश में रखी विकास और सुशासन की नींव

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में जो विकास, सुशासन और सुरक्षा का वातावरण बना है, उसकी आधारशिला बाबूजी ने 1990 और 1996 के कार्यकाल में रखी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज डबल इंजन की सरकार उन्हीं आदर्शों को अंगीकार करते हुए प्रदेश को नई बुलंदियों की ओर ले जा रही है। यही बाबूजी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई संस्थानों का नाम बाबूजी की स्मृति में रखा गया है। बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज, लखनऊ का सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल और राजधानी में स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा इसके उदाहरण हैं।

समाज को बांटने का काम कर रहा विपक्ष

सीएम योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग आज “पीडीए” (परिवार विकास अथॉरिटी) के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, वही लोग कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे। वो लोग कांवड़ यात्रा पर रोक लगाते थे, दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव में बाधा डालते थे। उन्होंने कहा कि जब दंगे होते थे, अलीगढ़, बरेली, मुजफ्फरनगर और मेरठ में हिंसा भड़कती थी, तब ये लोग पीड़ित हिंदुओं, दलितों और पिछड़ों के पक्ष में नहीं बोलते थे। केवल भाजपा उनके साथ खड़ी थी।

न्यायाधीशों को धमकियां दी जा रही हैं

आज उन्होंने कहा कि निष्पक्ष फैसला देने वाले न्यायाधीशों को धमकियां दी जाती हैं, चुनाव आयोग पर आक्षेप लगाए जाते हैं। यह वही लोग हैं जो बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को मतदाता बनाने की साजिश रचते हैं, ताकि भारत के नागरिकों को उनके अधिकारों से वंचित किया जाए। सीएम योगी ने जोर देकर कहा कि ऐसी ताकतों के खिलाफ डबल इंजन की सरकार मजबूती से खड़ी है। आज स्व. कल्याण सिंह के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तुष्टिकरण नहीं बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबकी सुरक्षा की नीति लागू है और देश तेजी के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

आज प्रदेश माफियाओं से मुक्त हो चुका है

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दंगे, गुंडागर्दी और माफिया राज का बोलबाला था। लेकिन बीते साढ़े आठ वर्षों में यूपी दंगा मुक्त और माफियाओं से मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज अलीगढ़ से लेकर कासगंज और एटा तक हजारों युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस बल में जगह मिली है। पहले भ्रष्टाचार और अराजकता की वजह से यह संभव नहीं था।

कल्याण सिंह का जीवन राष्ट्रीयता, जनसेवा का संदेश देता है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबूजी की स्मृतियां अलीगढ़ की ‘ताला नगरी’ को भी प्रेरित करती हैं। यहां के स्थानीय उद्योग और उद्यमिता आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम बाबूजी की शिक्षाओं और आदर्शों को जीवन में अपनाएं, तो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरा भारत नई ऊंचाइयों को छूएगा। सीएम योगी ने कहा कि कल्याण सिंह जी ने जो आदर्श और विरासत सौंपी है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। उनका जीवन हमें राष्ट्रीयता, जनसेवा और समर्पण का संदेश देता है। आज हिंदू गौरव दिवस पर हम सबका संकल्प है कि बाबूजी के मार्ग पर चलकर उत्तर प्रदेश को भारत की अर्थव्यवस्था का अग्रणी राज्य बनाएंगें।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री संदीप सिंह, राज्यमंत्री बल्देव सिंह औलख, मनोहर लाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ उमा भारती, कलराज मिश्र समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.