नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक बार फिर से बारिश का मौसम बन रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और फुहारें पड़ने का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे तापमान सामान्य बना रहेगा।
कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है. कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। रविवार (17 अगस्त) को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह या दोपहर में हल्की बारिश होने की उम्मीद है।
18 से 22 अगस्त के बीच दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. इस दौरान रुक-रुक कर बहुत हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं।
इसको भी पढ़ें: मथुरा की माटी पावन, 30 हजार करोड़ से बृज में लौटेगा द्वापर
तापमान में उतार-चढ़ाव
इस हफ्ते बारिश की वजह से तापमान में बहुत ज़्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। 17, 18 और 20 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 19, 21 और 22 अगस्त को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली थी। यह राहत आने वाले दिनों में भी जारी रहने की उम्मीद है।



