राजगीर: बिहार के राजगीर खेल अकादमी में रविवार को समाप्त हुई Asian Rugby Under-20 सेवेंस चैंपियनशिप 2025 में हांगकांग और चीन ने अपनी बादशाहत कायम रखी। पुरुष वर्ग में हांगकांग ने श्रीलंका को हराकर खिताब जीता, जबकि महिला वर्ग में चीन ने हांगकांग को कड़े मुकाबले में मात देकर चैंपियनशिप अपने नाम की। मेजबान भारत के लिए भी यह टूर्नामेंट गौरवमयी रहा, जहां भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस आयोजन की सफलता और भारतीय महिला टीम की उपलब्धि के लिए बधाई दी, खासकर बिहार की चार बेटियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेंस चैंपियनशिप 2025 का समापन बिहार के राजगीर में धमाकेदार अंदाज में हुआ। पुरुष वर्ग के फाइनल में हांगकांग ने श्रीलंका को 33-0 से करारी शिकस्त दी। हांगकांग के विलियम स्टबिंग्स ने दो ट्राई और दो कन्वर्जन के साथ 14 अंक जुटाए, जबकि डेव मैकमरे ने भी दो ट्राई के साथ 10 अंकों का योगदान दिया। इस एकतरफा मुकाबले में हांगकांग ने शुरू से अंत तक दबदबा बनाए रखा।
महिला वर्ग का फाइनल रोमांच से भरा रहा, जहां चीन ने हांगकांग को 29-21 से हराकर खिताब अपने नाम किया। चीन की स्टार खिलाड़ी ले झांग ने तीन ट्राई और एक कन्वर्जन के साथ 17 अंकों का शानदार प्रदर्शन किया। हांगकांग ने भी कड़ा संघर्ष किया, लेकिन वह जीत से चूक गई।
इसको भी पढ़ें: Hockey: बिहार की धरती पर अब हॉकी का महाकुंभ
भारत के लिए टूर्नामेंट की सबसे बड़ी उपलब्धि रही महिला टीम का कांस्य पदक। उज्बेकिस्तान के खिलाफ तीसरे स्थान के मुकाबले में भारत ने 12-5 से जीत हासिल की। कप्तान भूमिका शुक्ला ने एक ट्राई और एक कन्वर्जन के साथ सात अंक बनाए, जबकि गुडिय़ा कुमारी की एक ट्राई ने भारत की जीत पक्की की। हालांकि, पुरुष वर्ग में भारतीय टीम को यूएई के खिलाफ 19-21 से हारकर छठे स्थान से संतोष करना पड़ा।
Asian Rugby सेमीफाइनल और अन्य परिणाम
पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में हांगकांग ने मलेशिया को 33-5 और श्रीलंका ने चीन को 26-17 से हराया। महिला वर्ग में चीन ने भारत को 28-7 और हांगकांग ने उज्बेकिस्तान को 24-5 से मात दी। पुरुष वर्ग में मलेशिया ने चीन को 19-7 से हराकर कांस्य पदक जीता, जिसमें मोहम्मद ईमान जुलहास्यियर की हैट्रिक ट्राई निर्णायक रही।
बिहार में पहली बार राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर के परिसर में आयोजित ‘एशिया रग्बी (अंडर-20) चैंपियनशिप-2025 में भारत की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस टीम में बिहार की चार बेटियां भी थीं, जिन्होंने पूरे राज्य का मान बढ़ाया, जो…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) August 10, 2025
मुख्यमंत्री नीतीश ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर इस आयोजन की सफलता के लिए रग्बी इंडिया को धन्यवाद दिया। उन्होंने भारतीय महिला टीम के कांस्य पदक और बिहार की चार बेटियों के प्रदर्शन को गौरवमयी बताया। साथ ही, उन्होंने विजेता हांगकांग (पुरुष), चीन (महिला), उपविजेता श्रीलंका और हांगकांग, तथा सभी प्रतिभागी देशों को बधाई दी। उन्होंने इस आयोजन को बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया। यह चैंपियनशिप न केवल खेल की दृष्टि से बल्कि बिहार को वैश्विक खेल मंच पर स्थापित करने के लिए भी यादगार रही।



